दिल्लीराष्ट्रीय

महिला एवं बाल सशक्तिकरण को लेकर V Satya Foundation की पहल, 28 नवंबर से गांधी दर्शन, राजघाट में होगा राष्ट्रीय कॉन्क्लेव

महिलाओं और बच्चों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए 28 नवंबर से राष्ट्रीय कॉन्क्लेव

गांधी दर्शन, राजघाट में दो दिवसीय आयोजन, रोजगार, कौशल विकास और सम्मान के मिलेंगे अवसर

 

अमर चंद्र

नई दिल्ली, 23 नवंबर। महिलाओं और बच्चों को सशक्त बनाने, उन्हें आत्मनिर्भर बनाने तथा रोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 28 और 29 नवंबर को नई दिल्ली स्थित गांधी दर्शन, राजघाट में राष्ट्रीय महिला एवं बाल सशक्तिकरण कॉन्क्लेव-2026 का आयोजन किया जाएगा। दो दिवसीय इस कार्यक्रम का नेतृत्व V Satya Foundation की संस्थापक एवं उपाध्यक्ष डॉ. नंदिनी महलवाल कर रही हैं।

इस संबंध में सोमवार को प्रेस क्लब ऑफ इंडिया में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान डॉ. नंदिनी महलवाल ने बताया कि कॉन्क्लेव का उद्देश्य ऐसी महिलाओं और बच्चों को आगे बढ़ने का अवसर देना है, जो जीवन में कठिन परिस्थितियों का सामना कर रहे हैं। इनमें एसिड अटैक से प्रभावित महिलाएं, ब्रेस्ट कैंसर और सर्वाइकल कैंसर से उबर चुकी महिलाएं, यौन हिंसा की पीड़िताएं, तलाकशुदा महिलाएं, जेल से रिहा हुई महिलाएं और विभिन्न क्षेत्रों में अपनी पहचान बनाने वाली महिलाएं शामिल हैं। इसके अलावा विशेष आवश्यकता वाली बालिकाओं, पैरा एथलीट्स और ऑटिज्म से प्रभावित बच्चों को भी मंच प्रदान किया जाएगा।उन्होंने कहा कि महिला सशक्तिकरण का मतलब केवल सम्मान समारोह आयोजित करना नहीं है, बल्कि महिलाओं को अपने पैरों पर खड़ा करने के लिए प्रशिक्षण, रोजगार और स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराना भी है। इसी सोच के साथ कॉन्क्लेव में कौशल विकास और आजीविका से जुड़े कार्यक्रम रखे गए हैं।

कॉन्क्लेव का आयोजन कर्मण्य सर्वहित संस्था के सहयोग से किया जा रहा है। इसमें Special Olympics Bharat और HUDCO का भी सहयोग रहेगा, जबकि गांधी दर्शन आयोजन स्थल के सहयोगी के रूप में जुड़ा है।

दो दिवसीय आयोजन में उद्घाटन समारोह के साथ 15 से अधिक प्रदर्शनी एवं व्यावसायिक स्टॉल लगाए जाएंगे। इसके अलावा रोजगार और कौशल विकास से जुड़े प्रशिक्षण सत्र, डॉक्टरों एवं वकीलों द्वारा परामर्श, सांस्कृतिक कार्यक्रम, सम्मान समारोह, पैरा एथलीट्स का प्रदर्शन, संघर्ष की कहानियां साझा करने के लिए विशेष मंच और समावेशी फैशन शो भी आयोजित होगा।

कार्यक्रम में समाज और विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली महिलाओं के साथ संघर्ष के बाद नई पहचान बनाने वाली महिलाओं को सम्मानित किया जाएगा। इसके लिए देशभर से नामांकन आमंत्रित किए जा रहे हैं। संस्थाओं और इच्छुक लोगों को भी कार्यक्रम में भागीदारी करने, स्टॉल लगाने और सहयोग देने के लिए आमंत्रित किया गया है।

आयोजन में Brave Souls, India Vision Foundation, Swavalamban Foundation, Himalayan Insurance Brokers Private Limited और Eonmed Telemedicine Private Limited सहित कई संस्थाएं एवं कंपनियां सहयोग कर रही हैं। इनके माध्यम से महिलाओं को प्रशिक्षण, कौशल विकास और रोजगार से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।

प्रेस वार्ता में V Satya Foundation के निदेशक दीपक मेहलवाल, कर्मण्य सर्वहित संस्था के संस्थापक कृष्ण मित्तल, उपाध्यक्ष वसुधा बलियान, महासचिव राहुल कुमार, संस्थापक सचिव नीलाम्बर मिश्रा तथा शुभ मित्तल, कृतिका सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

इस आयोजन में नामांकन, सहभागिता और सहयोग के लिए डॉ. नंदिनी महलवाल (93479 00007) तथा राहुल कुमार (82796 21101) से संपर्क किया जा सकता है।

Share This Post:-

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

3 − one =