Post Views: 0
Amar sandesh दिल्ली।गढ़वाल लोकसभा क्षेत्र में 13 दिसंबर से 25 दिसंबर 2025 तक सांसद खेल महोत्सव का आयोजन होगा। इस संबंध में गढ़वाल लोकसभा सांसद व भाजपा राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अनिल बलूनी ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर आयोजित हो रहे इस महोत्सव में गढ़वाल के विभिन्न क्षेत्रों से 13,000 से अधिक युवाओं ने पंजीकरण किया है। उन्होंने कहा कि यह हिस्सा युवाओं की प्रतिभा और खेलों के प्रति उनकी रुचि को दर्शाता है।
सांसद बलूनी ने बताया कि गढ़वाल लोकसभा में इस स्तर का खेल आयोजन पहली बार हो रहा है और इसकी तैयारियाँ पूरे क्षेत्र में तेज़ी से चल रही हैं। उन्होंने कहा कि 13 दिसंबर को केंद्रीय खेल एवं युवा मामलों के मंत्री मनसुख मांडविया पौड़ी में इस महोत्सव का उद्घाटन करेंगे।
यह आयोजन पौड़ी, श्रीनगर, रुद्रप्रयाग, चमोली, मुनि की रेती और रामनगर सहित गढ़वाल लोकसभा के प्रमुख स्थलों पर किया जाएगा। सांसद ने कहा कि बड़ी संख्या में युवा इसमें भाग लेंगे और इस माध्यम से नई खेल प्रतिभाएं सामने आएंगी, जिन्हें आगे प्रशिक्षण और संसाधन उपलब्ध कराए जाने के प्रयास भी किए जाएंगे।
गढ़वाल लोकसभा सांसद अनिल बलूनी ने गढ़वाल लोकसभा के नागरिकों से अपील की कि वे 13 से 25 दिसंबर के बीच आयोजित होने वाले इस खेल महोत्सव में शामिल होकर खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाएँ और आयोजन को सफल बनाने में अपना सहयोग दें।
Related