उत्तराखण्डदिल्ली

दिल्ली में गूंजा उत्तराखंड का स्वर: ‘उत्तराखंड आइडल सीजन-2’ और ‘डांस के धुरंधर’ का भव्य आगाज

लोकसंस्कृति को नई उड़ान, उभरती प्रतिभाओं को मिलेगा बड़ा मंच

Amar sandesh नई दिल्ली, 2 मई 2026।
राजधानी दिल्ली के YWCA ऑडिटोरियम में शनिवार को उत्तराखंड की कला, संस्कृति और प्रतिभा का शानदार संगम देखने को मिला। आर एस मीडिया और देवभूमि इंपैक्ट फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित भव्य कार्यक्रम में ‘उत्तराखंड आइडल – खोज एक आवाज की’ के दूसरे सीजन की औपचारिक घोषणा के साथ ही नए डांस रियलिटी शो ‘राइजिंग स्टार डांस के धुरंधर’ का पोस्टर लॉन्च किया गया।कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में प्रसिद्ध फिल्म निर्माता-निर्देशक सुरेश जोशी उपस्थित रहे, जिन्होंने दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। उनके साथ विशिष्ट अतिथियों में दिनेश फुलारा, हरीश शाह, प्रदीप राजपूत, दीपक रोशन, सुप्रसिद्ध लोकगायक शिवदत्त पंथ, मधु बेरिया शाह, सतेंद्र फणियाल, अंकित भंडारी, फिल्म जगत से राजेश मालगुडी, निर्देशक देव नेगी, हरियाणवी कलाकार कुलदीप सिंह, देव रौतेला और उत्तराखंड आइडल के विजेता मनदीप सिंह शामिल रहे।
मंच संचालन की कमान मशहूर कवि प्रेम रावत ने संभाली, जिन्होंने अपने प्रभावशाली अंदाज से पूरे कार्यक्रम को जीवंत बनाए रखा। अतिथियों का स्वागत पुष्पगुच्छ और शॉल भेंट कर किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत पारंपरिक ‘दैया होया’ मंगल गीत से हुई, जिसके बाद कलाकारों ने गीत और नृत्य की मनमोहक प्रस्तुतियों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। पूरा ऑडिटोरियम तालियों की गड़गड़ाहट से गूंजता रहा।
आर एस मीडिया के चंदन सिंह और देवभूमि इंपैक्ट फाउंडेशन के तारा दत्त शर्मा ने बताया कि ‘उत्तराखंड आइडल’ का पहला सीजन बड़ी सफलता रहा, जिसमें प्रदेश के दूर-दराज क्षेत्रों से प्रतिभाओं को मंच मिला। इसी सफलता को आगे बढ़ाते हुए अब दूसरे सीजन की शुरुआत की जा रही है, जिससे और अधिक युवाओं को अपनी कला दिखाने का अवसर मिलेगा।
इस दौरान कार्यक्रम में उपस्थित उत्तराखंड समाज के उद्यमी एवं समाजसेवी हरीश शाह ने ‘अमर संदेश’ फोन पर बातचीत में कहा कि यह आयोजन बेहद सफल और प्रभावशाली रहा। ऐसे आयोजनों के माध्यम से नई पीढ़ी को अपनी लोक संस्कृति के बारे में अधिक जानकारी मिलेगी और वे अपनी जड़ों से जुड़ने के लिए प्रेरित होंगे।
उन्होंने यह भी बताया कि इस बार डांस प्रतिभाओं को भी मंच देने के उद्देश्य से ‘डांस के धुरंधर’ शो की शुरुआत की गई है, जिससे उत्तराखंड की बहुमुखी प्रतिभा राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बना सके।
कार्यक्रम में सहयोग देने वालों में प्रदीप राजपूत, किरण रामपाल, देव रौतेला, तुषार देशवाल और सागर साउंड का विशेष योगदान रहा। इसके अलावा अमित शर्मा, पूरन सिंह, राकेश शर्मा, भुवन गोस्वामी, गौरी रावत, गोपाल मठपाल, अंजु भंडारी और लक्ष्मी वेदवाल सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
इस आयोजन ने एक बार फिर साबित कर दिया कि उत्तराखंड की प्रतिभा केवल पहाड़ों तक सीमित नहीं, बल्कि देश की राजधानी में भी अपनी मजबूत पहचान बना रही है। आने वाले समय में यह मंच नई आवाजों और कलाकारों को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का माध्यम बनेगा।

Share This Post:-
Post Views: 119 Views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *