उत्तराखण्डराष्ट्रीय

गढ़वाल के खिलाड़ियों को मिला बड़ा सहारा, गढ़वाल हीरोज के संरक्षक बने सांसद अनिल बलूनी

गढ़वाल हीरोज को मिला नया संरक्षक, युवाओं के सपनों को मिलेगी उड़ान

Amar sandesh दिल्ली।वर्ष 1953 में स्थापित प्रतिष्ठित गढ़वाल हीरोज फुटबॉल क्लब के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि सामने आई है। क्लब की प्रबंधन समिति ने गढ़वाल लोकसभा क्षेत्र के सांसद एवं भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अनिल बलूनी से क्लब का संरक्षक बनने का आग्रह किया, जिसे उन्होंने सहर्ष स्वीकार कर लिया।

इस संबंध में जारी एक वीडियो संदेश में सांसद अनिल बलूनी ने कहा कि यह उनके लिए केवल सम्मान का विषय नहीं, बल्कि गढ़वाल और पूरे उत्तराखंड के उन प्रतिभाशाली खिलाड़ियों के सहयोग का अवसर है, जो सीमित संसाधनों के बावजूद अपनी मेहनत, लगन और संघर्ष के बल पर फुटबॉल में करियर बनाने का सपना देख रहे हैं।

उन्होंने कहा कि गढ़वाल हीरोज फुटबॉल क्लब उत्तराखंड के युवा खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने, उनकी प्रतिभा को निखारने और उन्हें राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। क्लब ने अतीत में भी अनेक खिलाड़ियों को तैयार किया है, जिन्होंने प्रदेश और देश का नाम रोशन किया है।

सांसद बलूनी ने विश्वास व्यक्त किया कि गढ़वाल के युवा खिलाड़ी भविष्य में उत्तराखंड और भारत का नाम विश्व पटल पर गौरवान्वित करेंगे। उन्होंने कहा कि खेल युवाओं के व्यक्तित्व विकास और राष्ट्र निर्माण का सशक्त माध्यम है तथा खिलाड़ियों को बेहतर अवसर और संसाधन उपलब्ध कराना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।

उल्लेखनीय है कि लगभग सात दशक पुराना गढ़वाल हीरोज फुटबॉल क्लब उत्तराखंड में फुटबॉल प्रतिभाओं को तराशने की एक महत्वपूर्ण संस्था रहा है। क्लब से जुड़े कई खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना चुके हैं। सांसद अनिल बलूनी के संरक्षक बनने से क्लब और खिलाड़ियों को नई ऊर्जा एवं प्रोत्साहन मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

Share This Post:-

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *