उत्तराखण्डदिल्लीराष्ट्रीय

संसद परिसर में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला एवं सांसदों के साथ सांसद अनिल बलूनी ने किया योगाभ्यास

योग से बनेगा स्वस्थ और सशक्त भारत :- अनिल बलूनी

अमर चंद्र

नई दिल्ली, 21 जून। 21जून आज 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर संसद परिसर में आयोजित विशेष योग कार्यक्रम में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के नेतृत्व में विभिन्न दलों के सांसदों ने सामूहिक योगाभ्यास किया। इस अवसर पर गढ़वाल लोकसभा क्षेत्र से सांसद एवं भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अनिल बलूनी ने भी उत्साहपूर्वक योगाभ्यास कर योग के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।

सांसद अनिल बलूनी ने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम का माध्यम नहीं, बल्कि भारत की प्राचीन ऋषि परंपरा का अमूल्य उपहार है, जो शरीर, मन और आत्मा के मध्य संतुलन एवं सामंजस्य स्थापित करता है। उन्होंने कहा कि योग व्यक्ति को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, मानसिक तनाव से मुक्ति पाने तथा सकारात्मक ऊर्जा के साथ जीवन जीने की प्रेरणा देता है।

उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि उनके सतत नेतृत्व और वैश्विक पहल के परिणामस्वरूप योग आज विश्वव्यापी जनआंदोलन का स्वरूप ग्रहण कर चुका है। संयुक्त राष्ट्र द्वारा 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के रूप में मान्यता मिलने के बाद दुनिया के करोड़ों लोग योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का अभिन्न हिस्सा बना चुके हैं।

अनिल बलूनी ने कहा कि विकसित भारत के निर्माण के लिए स्वस्थ नागरिक सबसे बड़ी पूंजी हैं। योग न केवल व्यक्तिगत स्वास्थ्य को सुदृढ़ करता है, बल्कि सामाजिक और राष्ट्रीय स्तर पर भी सकारात्मक परिवर्तन का आधार बनता है।

उन्होंने देशवासियों से आह्वान किया कि वे योग को अपने दैनिक जीवन में अपनाकर स्वस्थ, सशक्त और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में सक्रिय योगदान दें। योग भारतीय संस्कृति की वह धरोहर है, जो संपूर्ण मानवता को स्वास्थ्य, शांति और समृद्धि का संदेश देती है।

Share This Post:-

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *