Post Views: 0
Amar sandesh नई दिल्ली। आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय, भारत सरकार के अधीन नवरत्न सार्वजनिक उपक्रम एनबीसीसी (इंडिया) लिमिटेड ने अपनी अंतरराष्ट्रीय उपलब्धियों में एक और महत्वपूर्ण अध्याय जोड़ते हुए सेशेल्स गणराज्य सरकार के साथ 1008 किफायती आवासीय इकाइयों के निर्माण के लिए अहम समझौते पर हस्ताक्षर किए हैं। यह परियोजना सेशेल्स के ऑरोर द्वीप (Île Aurore) पर विकसित की जाएगी और इसमें आधुनिक नागरिक सुविधाओं सहित आवश्यक आधारभूत संरचना का निर्माण भी शामिल होगा।
इस महत्वपूर्ण समझौते पर हस्ताक्षर समारोह में सेशेल्स गणराज्य के उपराष्ट्रपति महामहिम सेबेस्टियन पिल्लै तथा एनबीसीसी के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक डॉ. के. पी. महादेवास्वामी की गरिमामयी उपस्थिति रही। औपचारिक रूप से समझौते पर सेशेल्स सरकार के भूमि, आवासन एवं अवसंरचना विभाग के राज्य सचिव जोसेफ फ्रांस्वा तथा एनबीसीसी के कार्यपालक निदेशक (इंजी.) प्रदीप शर्मा ने हस्ताक्षर किए।
परियोजना के तहत 1008 किफायती आवासीय इकाइयों के साथ आधुनिक अवसंरचना का विकास किया जाएगा। इसमें समर्पित सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) सहित अन्य आवश्यक नागरिक सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी, जिससे ऑरोर द्वीप पर पर्यावरण-अनुकूल और आधुनिक शहरी जीवन सुनिश्चित हो सके।
करीब 75 मिलियन अमेरिकी डॉलर की इस परियोजना का वित्तपोषण भारत के निर्यात-आयात बैंक (एक्ज़िम बैंक) द्वारा उपलब्ध कराई जा रही ऋण सहायता से किया जाएगा। यह परियोजना सेशेल्स में आवास की उपलब्धता बढ़ाने, शहरी जीवन-स्तर में सुधार लाने तथा सतत विकास को गति देने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
एनबीसीसी के लिए यह समझौता उसके बढ़ते वैश्विक पोर्टफोलियो में एक और उल्लेखनीय उपलब्धि माना जा रहा है। कंपनी ने बड़े पैमाने पर आवास एवं अवसंरचना परियोजनाओं के सफल क्रियान्वयन में अपनी विशेषज्ञता स्थापित की है। यह साझेदारी भारत और सेशेल्स के बीच विकास सहयोग को और मजबूत करेगी तथा वैश्विक स्तर पर गुणवत्तापूर्ण भारतीय अवसंरचना निर्माण क्षमता का प्रभावी उदाहरण भी बनेगी।
Related