अंतरराष्ट्रीयराष्ट्रीय

नेपाल-भारत संबंधों को लेकर काठमांडू में अहम मुलाकात: भगत सिंह कोश्यारी और पीएम ओली की

Amar sandesh काठमांडू, नेपाल | 8 मई । नेपाल की राजधानी काठमांडू में आज एक महत्वपूर्ण भेंटवार्ता हुई, जिसमें भारत के वरिष्ठ राजनेता, महाराष्ट्र के पूर्व राज्यपाल और उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री भगत सिंह कोश्यारी ने नेपाल के प्रधानमंत्री श्री केपी शर्मा ओली से मुलाकात की।

यह शिष्टाचार भेंट दोनों देशों के बीच ऐतिहासिक संबंधों को और अधिक प्रगाढ़ बनाने की दिशा में एक सकारात्मक कदम के रूप में देखी जा रही है। इस अवसर पर दोनों नेताओं के बीच नेपाल-भारत के द्विपक्षीय संबंधों, सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक विरासत, तथा सीमावर्ती क्षेत्रों में आपसी सहयोग और समन्वय जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई।

श्री कोश्यारी ने नेपाल के साथ भारत की ऐतिहासिक मित्रता को रेखांकित करते हुए कहा कि दोनों देशों के लोगों के बीच गहरे सांस्कृतिक और धार्मिक संबंध हैं, जो किसी भी राजनीतिक सीमाओं से परे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि भारत सदैव नेपाल के विकास में भागीदार रहा है और भविष्य में भी यह सहयोग जारी रहेगा।

श्री केपी शर्मा ओली ने भी भारत और नेपाल के रिश्तों को मजबूत करने की दिशा में कोश्यारी के विचारों की सराहना की और कहा कि क्षेत्रीय शांति, आपसी सम्मान और सांझा सांस्कृतिक विरासत पर आधारित संबंधों को नई ऊँचाइयाँ देने की आवश्यकता है।

यह मुलाकात भारत-नेपाल संबंधों को और सशक्त बनाने की दिशा में एक प्रेरक संवाद के रूप में सामने आई है, जो भविष्य में क्षेत्रीय स्थिरता और विकास के लिए उपयोगी साबित हो सकती है।

Share This Post:-
Post Views: 23 Views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *