Post Views: 0
अमर चंद्र
नई दिल्ली। देवभूमि उत्तराखंड के लोग आज देश-विदेश में अपनी प्रतिभा, कर्मठता और सामाजिक योगदान से नई पहचान स्थापित कर रहे हैं। शिक्षा, उद्योग, सामाजिक सेवा और सांस्कृतिक क्षेत्र में उत्तराखंड मूल के अनेक लोग अपनी विशिष्ट पहचान बना रहे हैं। ऐसे ही प्रेरणादायी व्यक्तित्व हैं उत्तराखंड मूल निवासी एवं दिल्ली प्रवासी सुरेंद्र सिंह हालसी, जो अपने सरल, मृदुभाषी और मिलनसार व्यक्तित्व के साथ समाज सेवा, जनजागरण और सांस्कृतिक संरक्षण के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय हैं।
मूल रूप से उत्तराखंड के बेतालघाट क्षेत्र से रहने वाले सुरेंद्र सिंह हालसी की शिक्षा-दीक्षा चंडीगढ़ में हुई। वर्तमान में वे एक प्रतिष्ठित कंपनी के माध्यम से देश-विदेश में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। व्यस्त पेशेवर जीवन के बावजूद उन्होंने समाज और अपनी मातृभूमि से जुड़ाव कभी कम नहीं होने दिया। समाज के हर वर्ग के सुख-दुख में सहभागी बनना उनकी कार्यशैली की पहचान है।
सुरेंद्र सिंह हालसी धुरी फाउंडेशन के संस्थापक हैं और इसके माध्यम से शिक्षा, सामाजिक जागरूकता, पर्यावरण संरक्षण तथा जनहित के विभिन्न कार्यों में लगातार योगदान दे रहे हैं। समाज के महत्वपूर्ण मुद्दों पर वे हमेशा मुखर रहते हैं और जरूरतमंद लोगों की सहायता के लिए सदैव तत्पर दिखाई देते हैं।
वे बेतालघाट महोत्सव के संस्थापक भी हैं। इस महोत्सव के माध्यम से उत्तराखंड की समृद्ध लोक संस्कृति, लोकगीत, लोक परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत को नई पीढ़ी तथा देश-विदेश तक पहुंचाने का सराहनीय कार्य कर रहे हैं। उनका उद्देश्य अपनी सांस्कृतिक धरोहर का संरक्षण करना, लोक कलाकारों को मंच उपलब्ध कराना और उत्तराखंड की सांस्कृतिक पहचान को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाना है।
अपने मूल गांव और क्षेत्र बेतालघाट के विकास से जुड़े विषयों को भी सुरेंद्र सिंह हालसी निरंतर उठाते रहे हैं। क्षेत्र के विकास, शिक्षा, सड़क, पर्यटन और जनहित से जुड़े मुद्दों पर वे हमेशा सकारात्मक पहल और सक्रिय भूमिका निभाते हैं।
सुरेंद्र सिंह हालसी अपनी सशक्त लेखनी के माध्यम से भी समाज को जागरूक करने का कार्य करते हैं। उनके लेख समय-समय पर अमर संदेश समाचार पत्र में प्रकाशित होते रहते हैं, जिनमें जनहित, सामाजिक सरोकारों, उत्तराखंड के विकास और लोक संस्कृति से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों को प्रमुखता से उठाया जाता है। उनकी लेखनी समाज को नई दिशा देने का कार्य करती है।
अपने विनम्र व्यवहार, समाज के प्रति समर्पण, सांस्कृतिक चेतना और जनसेवा की भावना के कारण सुरेंद्र सिंह हालसी उत्तराखंड समाज में एक सम्मानित और प्रेरणादायी व्यक्तित्व के रूप में जाने जाते हैं।
अमर संदेश समाचार पत्र परिवार की ओर से समाजसेवी, धुरी फाउंडेशन एवं बेतालघाट महोत्सव के संस्थापक सुरेंद्र सिंह हालसी को जन्मदिन की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। ईश्वर से प्रार्थना है कि वे स्वस्थ, दीर्घायु एवं यशस्वी जीवन प्राप्त करें तथा समाज, संस्कृति और राष्ट्र सेवा के अपने इस प्रेरणादायी अभियान को निरंतर नई ऊंचाइयों तक पहुंचाते रहें।
Related