Post Views: 0
तीन दशक की संगठनात्मक तपस्या का मिला सम्मान, उत्तराखंड समाज में खुशी की लहर; समाज सेवा, शिक्षा और संस्कृति संरक्षण में भी निभा रहे हैं अहम भूमिका।
अमर चंद्र
नई दिल्ली।देवभूमि उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जनपद के कोट ब्लॉक स्थित ग्राम कांडा के मूल निवासी, प्रख्यात समाजसेवी, शिक्षाविद एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता डॉ. विनोद बछेती को भारतीय जनता पार्टी, दिल्ली प्रदेश का प्रदेश उपाध्यक्ष नियुक्त किए जाने पर उत्तराखंड समाज सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों और भाजपा कार्यकर्ताओं में हर्ष एवं उत्साह का माहौल है।
डॉ. बछेती की यह नियुक्ति संगठन के प्रति लगभग तीन दशकों की निष्ठा, समर्पण और निरंतर सक्रियता का सम्मान मानी जा रही है। उन्होंने भाजपा युवा मोर्चा से अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत की और विभिन्न दायित्वों का सफलतापूर्वक निर्वहन करते हुए संगठन में अपनी अलग पहचान बनाई। वे पूर्व में मयूर विहार क्षेत्र के जिला अध्यक्ष, दिल्ली प्रदेश भाजपा में मंत्री जैसे महत्वपूर्ण पदों पर भी अपनी जिम्मेदारियां निभा चुके हैं।
मृदुभाषी, मिलनसार और सरल स्वभाव के धनी डॉ. विनोद बछेती अपने सामाजिक सरोकारों और जनसेवा के कार्यों के कारण उत्तराखंड समाज ही नहीं, बल्कि दिल्ली-एनसीआर के विभिन्न वर्गों में भी अत्यंत लोकप्रिय हैं। वे सदैव संगठन की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने और समाज को जोड़ने के लिए सक्रिय रहते हैं।
राजनीतिक जीवन के साथ-साथ उन्होंने सामाजिक एवं सांस्कृतिक क्षेत्र में भी उल्लेखनीय योगदान दिया है। उनके नेतृत्व में दिल्ली-एनसीआर में गढ़वाली, कुमाऊँनी और जौनसारी भाषा कक्षाओं का संचालन किया जा रहा है, जिससे नई पीढ़ी अपनी मातृभाषा, लोकसंस्कृति और परंपराओं से जुड़ सके। उत्तराखंड की लोक संस्कृति, सामाजिक एकता और सांस्कृतिक संरक्षण के क्षेत्र में उनका योगदान विशेष रूप से सराहनीय रहा है।
डॉ. विनोद बछेती की यह उपलब्धि उत्तराखंड के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है। उनकी नियुक्ति से न केवल भाजपा संगठन को नई ऊर्जा मिलेगी, बल्कि उत्तराखंड समाज का मान-सम्मान भी और अधिक बढ़ेगा।
इस अवसर पर उत्तराखंड समाज, विभिन्न सामाजिक संगठनों, शिक्षाविदों, जनप्रतिनिधियों एवं भाजपा कार्यकर्ताओं ने उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि उनके नेतृत्व में संगठन नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगा तथा वे समाज और राष्ट्र की सेवा में इसी प्रकार सक्रिय भूमिका निभाते रहेंगे।
Related