Post Views: 0
पीएफसी की सीएमडी ने कहा समर्पण, निष्ठा और उत्कृष्ट कार्यशैली हमेशा प्रेरणास्रोत रहेगी
Amar sandesh नई दिल्ली। सार्वजनिक क्षेत्र की अग्रणी वित्तीय संस्था पावर फाइनेंस कॉर्पोरेशन (पीएफसी) ने तीन दशक से अधिक समय तक संस्थान की सेवा देने वाली उप प्रबंधक (जनसंपर्क) श्रीमती मंजू गुप्ता तथा सतर्कता अधिकारी श्री दीन दयाल को उनकी सेवानिवृत्ति (सुपरएन्युएशन) पर भावभीनी विदाई दी।
इस अवसर पर पीएफसी की अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक (सीएमडी) श्रीमती परमिंदर चोपड़ा ने कहा कि श्रीमती मंजू गुप्ता और श्री दीन दयाल ने अपने लंबे सेवाकाल के दौरान समर्पण, ईमानदारी, पेशेवर दक्षता और उत्कृष्ट कार्यसंस्कृति का परिचय देते हुए पीएफसी की प्रगति और सफलता में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उन्होंने कहा कि दोनों अधिकारियों की कार्यनिष्ठा और संस्थान के प्रति प्रतिबद्धता सदैव पीएफसी परिवार के लिए प्रेरणास्रोत बनी रहेगी।
सीएमडी ने कहा कि पीएफसी परिवार उनकी अनुकरणीय सेवाओं के लिए हृदय से आभार व्यक्त करता है तथा उनके स्वस्थ, सुखद, समृद्ध और संतोषपूर्ण जीवन की कामना करता है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सेवा निवृत्ति के बाद भी उनका अनुभव और जीवन मूल्यों की विरासत समाज तथा नई पीढ़ी का मार्गदर्शन करती रहेगी।
पीएफसी ने कहा कि श्रीमती मंजू गुप्ता और श्री दीन दयाल का योगदान संस्थान के इतिहास का एक महत्वपूर्ण हिस्सा रहेगा और उनके द्वारा स्थापित उत्कृष्ट कार्य मानक आने वाले कर्मचारियों को निरंतर प्रेरित करते रहेंगे।
Related