Post Views: 0
13 सितंबर रविवार को गीता कॉलोनी श्मशान घाट पर ‘मां यमुना सामूहिक स्वच्छता अभियान’, एक घंटे चलेगा सफाई अभियान
अमर चंद्र
नई दिल्ली। यमुना नदी को स्वच्छ और निर्मल बनाने के उद्देश्य से रविवार, 13 सितंबर को दिल्ली के गीता कॉलोनी श्मशान घाट, ठोकर नंबर-14 पर ‘मां यमुना सामूहिक स्वच्छता अभियान’ का आयोजन किया जाएगा। अभियान का उद्देश्य यमुना तट को स्वच्छ रखने के साथ लोगों में नदी संरक्षण और पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करना है।
आयोजकों के अनुसार अभियान में स्कूली बच्चों, महिलाओं, युवाओं और भारतीय सेना के जवानों सहित बड़ी संख्या में लोग भाग लेंगे। अभियान में करीब 30 से 40 स्कूली बच्चे, 10 से 15 महिलाएं, 15 से 20 युवा साथी तथा 20 से 30 सेना के जवानों के शामिल होने की संभावना है।
अभियान सुबह 8 बजे से 9 बजे तक चलेगा। इस दौरान यमुना तट पर सफाई, कचरा एकत्र करने और लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने का कार्य किया जाएगा।
‘एक दिन, एक साथ, एक घंटा’ का संदेश
अभियान के माध्यम से लोगों को यह संदेश देने का प्रयास किया जा रहा है कि यमुना की स्वच्छता केवल सरकार या किसी एक संस्था की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति की सामूहिक जिम्मेदारी है। आयोजकों का कहना है कि जब बच्चे, महिलाएं, युवा और सेना के जवान एक साथ स्वच्छता अभियान में उतरेंगे तो इससे समाज में सकारात्मक और प्रेरणादायक संदेश जाएगा।
कार्यक्रम का आयोजन फ्रेंड्स ऑफ यमुना फाउंडेशन के सौजन्य से किया जा रहा है। अभियान से जुड़े प्रमुख लोगों में अशोक उपाध्याय (यमुना बाबा), परविंदर मिश्रा (यमुना सेवक), सीमा शर्मा, राघव चौधरी, जयंत मिश्रा और आशीष शर्मा, नीरज अरोरा, राजा धर्म चौरसिया, मंजू नेगी, प्रीति सिंह शामिल हैं।
Related