Post Views: 0
एचपीसीएल के निदेशक (मार्केटिंग) अमित गर्ग बोले ग्राहकों को तेज़, सुरक्षित और डिजिटल एलपीजी सेवा उपलब्ध कराना हमारी प्राथमिकता
Amar sandesh दिल्ली/मुंबई, 15 जुलाई। देश की महारत्न सार्वजनिक क्षेत्र की ऊर्जा कंपनी हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (एचपीसीएल) ने एलपीजी वितरण व्यवस्था में बड़ा बदलाव करते हुए अपने नए कंपोजिट एलपीजी सिलेंडर ब्रांड ‘एचपी नव्या’ का शुभारंभ किया है। इसके साथ ही कंपनी ने अग्रणी क्विक कॉमर्स प्लेटफॉर्म इंस्टामार्ट के साथ साझेदारी की है, जिसके माध्यम से उपभोक्ता अब घर बैठे एचपी नव्या सिलेंडर ऑर्डर कर सकेंगे।
एचपीसीएल का नया 10 किलोग्राम कंपोजिट एलपीजी सिलेंडर पारंपरिक सिलेंडरों की तुलना में हल्का, जंग-रोधी और पारदर्शी है। इसकी ट्रांसलूसेंट बॉडी से उपभोक्ता आसानी से गैस का स्तर देख सकेंगे। आधुनिक डिज़ाइन वाला यह सिलेंडर छोटे परिवारों, अपार्टमेंट में रहने वालों, छात्रों और कामकाजी पेशेवरों के लिए विशेष रूप से उपयोगी माना जा रहा है।
एचपीसीएल के निदेशक (मार्केटिंग) अमित गर्ग ने कहा कि ग्राहकों की आवश्यकताएं तेजी से बदल रही हैं और एचपीसीएल उनकी जरूरतों के अनुरूप नवोन्मेषी समाधान उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि ‘एचपी नव्या’ केवल एक नया एलपीजी सिलेंडर नहीं, बल्कि ग्राहकों को अधिक सुरक्षित, सुविधाजनक और डिजिटल सेवा उपलब्ध कराने की दिशा में बड़ा कदम है। इंस्टामार्ट के माध्यम से एलपीजी की डोरस्टेप डिलीवरी ग्राहकों के अनुभव को और बेहतर बनाएगी।
इंस्टामार्ट के मुख्य कार्यकारी अधिकारी अमितेश झा ने कहा कि यह साझेदारी आवश्यक घरेलू सेवा को क्विक कॉमर्स प्लेटफॉर्म से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है, जिससे उपभोक्ताओं को पहले जैसी सुरक्षा और विश्वसनीयता के साथ तेज़ सेवा मिलेगी।
इस नई सेवा की शुरुआत बेंगलुरु में पायलट प्रोजेक्ट के रूप में की जाएगी। इसके बाद एचपीसीएल चरणबद्ध तरीके से ‘एचपी नव्या’ की उपलब्धता देश के अन्य शहरों में भी सुनिश्चित करेगा। कंपनी का मानना है कि यह पहल एलपीजी खरीदने के अनुभव को आधुनिक, डिजिटल और अधिक सुविधाजनक बनाएगी।
Related