Post Views: 0
गढ़वाल के विकास को नई रफ्तार, सांसद बलूनी ने दी दो अहम उपलब्धियों की जानकारी
Amar sandesh नई दिल्ली/गढ़वाल। गढ़वाल लोकसभा सांसद एवं भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय मीडिया प्रमुख अनिल बलूनी ने क्षेत्र की जनता के लिए एक ही दिन में दो महत्वपूर्ण उपलब्धियों की घोषणा करते हुए इसे गढ़वाल के विकास, पर्यटन और जनसुविधाओं की दिशा में ऐतिहासिक कदम बताया है। उन्होंने कहा कि लंबे समय से लंबित दो महत्वपूर्ण मांगों पर सकारात्मक निर्णय होने से क्षेत्र के लाखों लोगों को सीधा लाभ मिलेगा।
सांसद अनिल बलूनी ने बताया कि 18 जुलाई से रामनगर–देहरादून के बीच सीधी रेल सेवा का शुभारंभ होने जा रहा है। प्रारंभिक चरण में इस ट्रेन का संचालन सप्ताह में दो दिन किया जाएगा। यात्रियों की संख्या और मांग के आधार पर भविष्य में इसे सप्ताह में चार या पाँच दिन तक संचालित करने पर विचार किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि कॉर्बेट सिटी के नाम से प्रसिद्ध रामनगर उत्तराखंड का प्रमुख पर्यटन केंद्र है। इस नई रेल सेवा से स्थानीय नागरिकों को देहरादून आने-जाने में सुविधा मिलेगी। साथ ही देशभर से आने वाले पर्यटक एवं श्रद्धालु भी कॉर्बेट नेशनल पार्क सहित उत्तराखंड के पर्यटन एवं धार्मिक स्थलों तक अधिक सुगमता से पहुंच सकेंगे।
अनिल बलूनी ने इस उपलब्धि के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में उत्तराखंड की रेल सेवाओं के विस्तार को निरंतर प्राथमिकता दी जा रही है।
उन्होंने दिन की दूसरी बड़ी उपलब्धि साझा करते हुए बताया कि सर्वोच्च न्यायालय की सेंट्रल एम्पावर्ड कमेटी (CEC) ने लालढांग–चिल्लरखाल मार्ग से जुड़े आदेश में प्रयुक्त “कमर्शियल वाहन” शब्द को लेकर बनी सभी भ्रांतियों को दूर करते हुए इस मार्ग पर अधिकांश आवश्यक वाहनों के संचालन की अनुमति प्रदान कर दी है।
इस निर्णय के तहत सवारी वाहन, सरकारी बसें, गढ़वाल मोटर ओनर यूनियन (GMOU) की बसें, स्कूल बसें, किसानों के ट्रैक्टर तथा भवन निर्माण सामग्री ले जाने वाले वाहनों के संचालन का मार्ग प्रशस्त हो गया है। इससे क्षेत्र के हजारों नागरिकों, विद्यार्थियों, किसानों, व्यापारियों और आमजन को बड़ी राहत मिलेगी तथा लंबे समय से चली आ रही व्यावहारिक समस्याओं का समाधान होगा।
सांसद अनिल बलूनी ने कहा कि हाल ही में धनगढ़ी पुल के लोकार्पण के बाद ये दोनों निर्णय गढ़वाल के विकास, पर्यटन, व्यापार, शिक्षा और आवागमन को नई गति प्रदान करेंगे तथा क्षेत्र के समग्र विकास में मील का पत्थर साबित होंगे।
उन्होंने इन दोनों जनहितकारी निर्णयों के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव, सेंट्रल एम्पावर्ड कमेटी (CEC) तथा सभी संबंधित अधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए गढ़वाल एवं रामनगर क्षेत्र की जनता को शुभकामनाएं दीं।
Related