दिल्लीबिहार

भारत टेक्स 2026: बिहार के टेक्सटाइल विजन ने जीता निवेशकों का भरोसा, दूसरे दिन भी पवेलियन रहा सबसे ज्यादा चर्चित

दूसरे दिन भी बिहार पवेलियन पर उमड़ी निवेशकों और उद्योग जगत की भीड़, भागलपुरी सिल्क, जीआई टैग उत्पाद और नई औद्योगिक नीतियां बनीं आकर्षण का केंद्र

 

Amar sandesh नई दिल्ली, 15 जुलाई।भारत मंडपम में आयोजित देश के सबसे बड़े वैश्विक टेक्सटाइल आयोजन भारत टेक्स 2026 में बिहार सरकार का पवेलियन दूसरे दिन भी आकर्षण का प्रमुख केंद्र बना रहा। देश-विदेश से आए निवेशकों, उद्योग प्रतिनिधियों, खरीदारों और नीति-निर्माताओं ने बिहार की नई औद्योगिक नीतियों, टेक्सटाइल एवं परिधान क्षेत्र की संभावनाओं और पारंपरिक उत्पादों में गहरी रुचि दिखाई। इससे स्पष्ट संकेत मिले कि बिहार अब देश के उभरते हुए टेक्सटाइल निवेश केंद्र के रूप में अपनी मजबूत पहचान बना रहा है।

बिहार सरकार के उद्योग विभाग द्वारा स्थापित पवेलियन में भागलपुरी सिल्क, जीआई टैग उत्पाद, हस्तशिल्प, हथकरघा उत्पाद तथा राज्य की औद्योगिक और निवेश-अनुकूल नीतियों को प्रभावी ढंग से प्रदर्शित किया गया। पूरे दिन पवेलियन पर निवेशकों और उद्योग जगत के प्रतिनिधियों की आवाजाही बनी रही।

वरिष्ठ अधिकारियों ने सराही बिहार की औद्योगिक पहल

वस्त्र मंत्रालय, भारत सरकार की विकास आयुक्त (हथकरघा) डॉ. एम. बीना, कर्नाटक सरकार के वाणिज्य एवं उद्योग विभाग (वस्त्र) की सचिव रोहिणी सिंधुरी दासरी (आईएएस), गुजरात सरकार के उद्योग आयुक्त अमित प्रकाश यादव (आईएएस) तथा भारत टेक्स आयोजन समिति के सह-अध्यक्ष भद्रेश दोधिया ने बिहार पवेलियन का दौरा किया। अधिकारियों ने बिहार की निवेश-अनुकूल नीतियों और टेक्सटाइल क्षेत्र में उपलब्ध संभावनाओं की सराहना की।

निवेशकों तक पहुंचीं बिहार की नई औद्योगिक नीतियां

उद्योग विभाग की टीम ने प्रदर्शनी परिसर में निवेशकों और उद्यमियों से संवाद कर बिहार औद्योगिक निवेश प्रोत्साहन पैकेज-2025, बिहार टेक्सटाइल एवं लेदर नीति (संशोधित)-2025, प्लग-एंड-प्ले औद्योगिक सुविधाओं, भूमि उपलब्धता और एमएसएमई प्रोत्साहन योजनाओं की जानकारी दी। साथ ही उन्हें बिहार में निवेश के लिए आमंत्रित किया।

भारत टेक्स 2026 के शेष दिनों में भी बिहार सरकार राज्य की औद्योगिक क्षमता, टेक्सटाइल सेक्टर की अपार संभावनाओं और “बिहार है तैयार” के विज़न को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय निवेशकों के सामने प्रमुखता से प्रस्तुत करेगी। आयोजन में बिहार की सक्रिय भागीदारी से राज्य में नए निवेश और रोजगार के अवसरों को गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

Share This Post:-

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *