उत्तराखण्डदिल्ली

गढ़वाल हितैषिणी सभा में नए सदस्यता अभियान का शुभारंभ

20 सितंबर से 5 अक्टूबर तक फार्म वितरण, 31 अक्टूबर तक जम होंगे आवेदन

 

Amar sandesh नई दिल्ली। दिल्ली-एनसीआर में उत्तराखंड के गढ़वाल समाज को एकजुट करने वाली प्रमुख सामाजिक संस्था गढ़वाल हितैषिणी सभा ने रविवार से अपने नए सदस्यता अभियान की शुरुआत की। पंचकुईयां रोड स्थित ऐतिहासिक गढ़वाल भवन में आयोजित कार्यक्रम में सभा अध्यक्ष सूरत सिंह रावत ने पहला सदस्यता फार्म प्रदान कर अभियान का शुभारंभ किया। पहला सदस्यता फार्म हरीश रावत ने प्राप्त किया।

सभा के महासचिव पवन कुमार मैठाणी ने बताया कि समाज के अधिक से अधिक लोगों को संस्था से जोड़ने के उद्देश्य से इस बार सदस्यता प्रक्रिया को पहले की अपेक्षा सरल और सुविधाजनक बनाया गया है। सदस्यता अभियान 20 सितंबर 2026 से 5 अक्टूबर 2026 तक चलेगा। सदस्यता फार्म प्रतिदिन सुबह 11 बजे से शाम 7 बजे तक उपलब्ध कराए जाएंगे। फार्म भरकर जमा करने की अंतिम तिथि 31 अक्टूबर 2026 निर्धारित की गई है।

उन्होंने बताया कि सदस्यता के लिए आवेदन के साथ दिल्ली का आवासीय प्रमाण, जैसे आधार कार्ड, तथा गढ़वाल मूल का प्रमाण प्रस्तुत करना होगा। आजीवन सदस्यता शुल्क 2,100 रुपये निर्धारित किया गया है, जिसका भुगतान डिमांड ड्राफ्ट, यूपीआई अथवा नकद के माध्यम से किया जा सकता है।

गढ़वाल समाज की एकजुटता का ऐतिहासिक केंद्र

पंचकुईयां रोड स्थित गढ़वाल भवन केवल एक भवन नहीं, बल्कि दिल्ली में बसे गढ़वाल समाज की सामाजिक और सांस्कृतिक गतिविधियों का एक महत्वपूर्ण केंद्र रहा है। लगभग एक शताब्दी से अधिक पुराने इस ऐतिहासिक भवन से गढ़वाल समाज की सामाजिक, सांस्कृतिक और सामुदायिक गतिविधियों को निरंतर मंच मिलता रहा है।

गढ़वाल हितैषिणी सभा लंबे समय से दिल्ली-एनसीआर में रहने वाले गढ़वाल मूल के लोगों को सामाजिक सरोकारों से जोड़ने, पारस्परिक सहयोग बढ़ाने तथा उत्तराखंड की लोक संस्कृति और परंपराओं के संरक्षण एवं संवर्धन में अपनी भूमिका निभाती रही है। ऐसे में नया सदस्यता अभियान समाज के अधिक लोगों को संस्था से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

सभा पदाधिकारियों ने गढ़वाल समाज के लोगों से सदस्यता अभियान में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने और संस्था को मजबूत बनाने में सहयोग करने की अपील की है।

Share This Post:-

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *