कर्नाटकराष्ट्रीय

कर्नाटक को 15,600 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे प्रधानमंत्री मोदी, वंदे भारत एक्सप्रेस को दिखाएंगे हरी झंडी

बेंगलुरु मेट्रो की पिंक लाइन का करेंगे उद्घाटन, देश की सबसे बड़ी भूमिगत एलपीजी भंडारण सुविधा राष्ट्र को करेंगे समर्पित; मैसूरु में देश के पहले एलईडी डोम तारामंडल का भी करेंगे लोकार्पण

 

 

Amar sandesh नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 13 और 14 नवंबर को कर्नाटक एवं गुजरात के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान कर्नाटक में बुनियादी ढांचे, रेलवे, शहरी परिवहन, ऊर्जा और स्वच्छ ईंधन से जुड़ी 15,600 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन, लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। प्रधानमंत्री का यह दौरा कर्नाटक में आधुनिक परिवहन सुविधाओं के विस्तार के साथ-साथ नवीकरणीय ऊर्जा और औद्योगिक बुनियादी ढांचे को नई गति देने के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

बेंगलुरु में प्रधानमंत्री मेट्रो की पिंक लाइन के कलेना अग्रहारा से तवारेकेरे तक के खंड का उद्घाटन करेंगे। लगभग 3,470 करोड़ रुपये की लागत से तैयार इस कॉरिडोर से शहर की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को मजबूती मिलेगी। इससे यात्रियों को आवागमन में सुविधा मिलने के साथ सड़कों पर यातायात का दबाव कम करने में भी मदद मिलेगी। प्रधानमंत्री तवारेकेरे से आईआईएम बेंगलुरु मेट्रो स्टेशन तक मेट्रो यात्रा भी करेंगे।

रेल संपर्क को मजबूत करने की दिशा में प्रधानमंत्री बेंगलुरु-मंगलुरु-मडगांव वंदे भारत एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाएंगे। यह ट्रेन कर्नाटक के प्रमुख शहरों और तटीय क्षेत्रों को गोवा से जोड़ेगी। इसके मार्ग में हासन, सकलेशपुर, मंगलुरु, उडुपी, मुरुडेश्वर, गोकर्ण और कारवार जैसे महत्वपूर्ण स्टेशन शामिल होंगे। इससे यात्रियों को तेज और आधुनिक रेल सुविधा मिलने के साथ पर्यटन एवं क्षेत्रीय व्यापार को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

रेलवे के आधुनिकीकरण के तहत अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत पुनर्विकसित चार स्टेशनों—चामराजनगर, चिक्कमगलुरु, सकलेशपुर और सुब्रह्मण्य रोड—का भी प्रधानमंत्री उद्घाटन करेंगे। इन स्टेशनों पर यात्रियों के लिए बेहतर सुविधाएं विकसित की गई हैं। इसके अतिरिक्त 45 किलोमीटर लंबे बागलकोट-वंडाल रेल दोहरीकरण खंड को राष्ट्र को समर्पित किया जाएगा। सकलेशपुर-सुब्रह्मण्य रोड के 55 किलोमीटर लंबे घाट रेल खंड का विद्युतीकरण भी पूरा हो चुका है, जिसे प्रधानमंत्री राष्ट्र को समर्पित करेंगे। इसके साथ ही बेंगलुरु से मंगलुरु तक पूरा रेल मार्ग विद्युतीकृत हो जाएगा।

ऊर्जा और एलपीजी भंडारण क्षमता को मिलेगी मजबूती

ऊर्जा क्षेत्र में भी प्रधानमंत्री कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं की शुरुआत करेंगे। कोप्पल-II और गडग-II में नवीकरणीय ऊर्जा क्षेत्रों के एकीकरण के लिए लगभग 4,450 करोड़ रुपये की ट्रांसमिशन परियोजना का उद्घाटन किया जाएगा। इससे इन क्षेत्रों से करीब 2 गीगावाट नवीकरणीय ऊर्जा को ग्रिड तक पहुंचाने में मदद मिलेगी। वहीं बीदर सोलर एनर्जी जोन से 2.5 गीगावाट सौर ऊर्जा के प्रसारण के लिए लगभग 1,370 करोड़ रुपये की परियोजना भी शुरू की जाएगी।

इसके अलावा दावणगेरे-चित्रदुर्ग और बल्लारी के नवीकरणीय ऊर्जा क्षेत्रों को जोड़ने के लिए 3,450 करोड़ रुपये से अधिक की ट्रांसमिशन परियोजना तथा अतिरिक्त नवीकरणीय ऊर्जा क्षमता के एकीकरण के लिए 1,100 करोड़ रुपये से अधिक की एक अन्य परियोजना की आधारशिला रखी जाएगी।

मंगलुरु में देश की सबसे बड़ी भूमिगत एलपीजी भंडारण गुफा को भी राष्ट्र को समर्पित किया जाएगा। 850 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से निर्मित इस सुविधा की भंडारण क्षमता 80 हजार मीट्रिक टन है। इसके साथ न्यू मंगलुरु पोर्ट से मुख्य टर्मिनल को जोड़ने वाली 9.4 किलोमीटर लंबी एलपीजी पाइपलाइन भी परियोजना का हिस्सा है। इससे देश की एलपीजी भंडारण और आपूर्ति व्यवस्था को मजबूती मिलेगी।

प्रधानमंत्री एमआरपीएल के बेंगलुरु स्थित देवनगोंठी मार्केटिंग टर्मिनल को भी राष्ट्र को समर्पित करेंगे। लगभग 330 करोड़ रुपये के निवेश से विकसित यह टर्मिनल पेट्रोलियम उत्पादों के भंडारण और वितरण की क्षमता बढ़ाएगा।

कचरे से स्वच्छ ईंधन उत्पादन की पहल

स्वच्छ ऊर्जा और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए प्रधानमंत्री बेंगलुरु के हरलाकुंटे में गेल के कंप्रेस्ड बायोगैस संयंत्र की आधारशिला रखेंगे। यह संयंत्र प्रतिदिन लगभग 300 टन नगरपालिका ठोस कचरे का प्रसंस्करण कर 12.6 टन कंप्रेस्ड बायोगैस का उत्पादन करेगा। इस परियोजना से कचरा प्रबंधन को वैज्ञानिक स्वरूप देने, पारंपरिक ईंधन पर निर्भरता घटाने और स्वच्छ ऊर्जा के उपयोग को प्रोत्साहन मिलने की उम्मीद है।

प्रशांति कुटीरम के स्वर्ण जयंती समारोह में होंगे शामिल

प्रधानमंत्री बेंगलुरु स्थित प्रशांति कुटीरम में स्वामी विवेकानंद योग अनुसंधान संस्थान (एस-व्यास) के स्वर्ण जयंती समारोह में भी शामिल होंगे। इस अवसर पर वे संस्थान के स्वर्ण जयंती प्रशासनिक भवन की आधारशिला रखेंगे और केरल के तिरुवनंतपुरम में एस-व्यास के ऑफ-कैंपस का शुभारंभ करेंगे।

13 से 23 नवंबर तक ‘विकसित भारत 2047’ की थीम पर आयोजित हो रहे इन समारोहों के माध्यम से संस्थान की पांच दशकों की शैक्षणिक, शोध और सामाजिक सेवा यात्रा को रेखांकित किया जाएगा। वर्ष 1975 में स्थापित प्रशांति कुटीरम आधुनिक विज्ञान और भारत की आध्यात्मिक परंपरा के समन्वय के उद्देश्य से कार्य कर रहा है।

मैसूरु में देश के पहले एलईडी डोम तारामंडल का उद्घाटन

प्रधानमंत्री अपने दौरे के दौरान मैसूरु में COSMOS-Mysuru Planetarium का भी उद्घाटन करेंगे। भारतीय खगोल भौतिकी संस्थान द्वारा विकसित यह देश का पहला एलईडी डोम तारामंडल है। मैसूरु विश्वविद्यालय परिसर में चामुंडी पहाड़ियों की तलहटी में स्थित इस अत्याधुनिक केंद्र का 15 मीटर का झुका हुआ गुंबद लगभग 6,150 पैनलों और 4.2 करोड़ एलईडी से निर्मित है।

पारंपरिक तारामंडलों से अलग यहां एलईडी तकनीक के माध्यम से वास्तविक समय में दृश्य प्रस्तुत किए जा सकेंगे। केंद्र में खगोल विज्ञान से जुड़े कार्यक्रमों के प्रदर्शन के साथ संग्रहालय, प्रदर्शनी हॉल, व्याख्यान कक्ष और प्रशिक्षण सुविधाएं भी विकसित की गई हैं। यहां कन्नड़, अंग्रेजी और हिंदी में खगोल विज्ञान से जुड़े कार्यक्रम दिखाए जाएंगे।

प्रधानमंत्री का कर्नाटक दौरा परिवहन, रेलवे, ऊर्जा, पर्यावरण और वैज्ञानिक शिक्षा के क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण पहल लेकर आ रहा है। इन परियोजनाओं से न केवल राज्य के विकास को गति मिलने की उम्मीद है, बल्कि देश की ऊर्जा सुरक्षा, आधुनिक कनेक्टिविटी और तकनीकी शिक्षा के विस्तार को भी मजबूती मिलेगी।

Share This Post:-

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

1 × five =