Uncategorizedदिल्लीराष्ट्रीय

अशोका रोड की कुर्सियों से प्रधानमंत्री की कुर्सी तक…PM मोदी ने पत्रकारों के साथ साझा किया बीते दिनों का अनुभव

पुराने रिश्ते, नई यादें! पत्रकारों के बीच अपने सफर को याद कर क्या बोले प्रधानमंत्री मोदी

कभी खुद लगाते थे कुर्सियां, आज पत्रकारों के बीच साझा कीं पुरानी यादें; सकारात्मक पत्रकारिता का किया आह्वान

 

 

अमर चंद्र

नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी के केंद्रीय मुख्यालय में गुरुवार को आयोजित दीपावली मिलन समारोह का माहौल उस समय खास हो गया, जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पत्रकारों के साथ अपने पुराने दिनों की यादें साझा कीं। प्रधानमंत्री ने अपने राजनीतिक सफर के शुरुआती दौर का जिक्र करते हुए बताया कि जब वह दिल्ली आए थे, तब भाजपा का कार्यालय अशोका रोड पर हुआ करता था। उस समय भी दीपावली मिलन समारोह आयोजित किया जाता था और उन्हें इस आयोजन में व्यवस्थाओं से लेकर पत्रकारों की आवभगत तक की जिम्मेदारी निभाने का अवसर मिलता था।

प्रधानमंत्री मोदी ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि उस दौर में उनका काम दीपावली मिलन के दौरान कुर्सियां लगाना और पत्रकारों की आवभगत करना होता था। उन्होंने कहा, “उस समय मेरा काम ऐसे ही दिवाली मिलन में कुर्सी लगाना, आप सभी लोगों की आवभगत करना था। तब कैमरे कम थे, लेकिन संबंधों की आत्मीयता वैसी ही थी।”

उन्होंने पुराने दिनों को याद करते हुए बताया कि अतिथियों के समन्वय से लेकर न्यूज डेस्क और कैमरा पर्सन तक, सभी के बीच आपसी परिचय और आत्मीयता का विशेष वातावरण रहता था। इन अनुभवों से उन्हें बहुत कुछ सीखने को मिला, जो आज भी उनके काम आते हैं। प्रधानमंत्री की इन बातों ने समारोह में मौजूद वरिष्ठ पत्रकारों को भी पुराने दौर की याद दिला दी।

देश की सकारात्मक उपलब्धियों को सामने लाए मीडिया

प्रधानमंत्री ने मीडिया की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए आग्रह किया कि समाचार माध्यम देश की सफलता की कहानियों, विकास कार्यों और आम नागरिकों के जीवन में आ रहे सकारात्मक बदलावों को भी प्रमुखता से सामने लाएं। उन्होंने कहा कि देश में गरीबी कम करने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रयास हुए हैं। विश्व बैंक के आंकड़ों का उल्लेख करते हुए उन्होंने बताया कि पिछले 12 वर्षों में करीब 50 करोड़ लोग गरीबी से बाहर आए हैं।

प्रधानमंत्री ने सामाजिक सरोकारों और राष्ट्रीय एकता से जुड़े विषयों को भी मीडिया की बहसों तथा विभिन्न मंचों पर पर्याप्त स्थान देने की बात कही। उनका कहना था कि ऐसे विषय समाज में सकारात्मक सोच और सहभागिता को बढ़ावा देते हैं तथा विकसित भारत के संकल्प को मजबूती प्रदान करते हैं।

विकास परियोजनाओं और सरकारी योजनाओं का भी किया उल्लेख

बातचीत के दौरान प्रधानमंत्री ने देश में बुनियादी ढांचे के विस्तार और विभिन्न क्षेत्रों में हुए बदलावों का उल्लेख किया। उन्होंने चिनाब नदी पर बने विश्व के सबसे ऊंचे रेलवे पुल, उज्ज्वला योजना, रेलवे के आधुनिकीकरण और हाई-स्पीड एक्सप्रेस-वे जैसी परियोजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि सरकार ने विकास के जो लक्ष्य निर्धारित किए हैं, उन्हें पूरा करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

उन्होंने मीडिया से अपील की कि देश की उपलब्धियों और विकास की प्रेरक कहानियों को जनता तक पहुंचाने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं। प्रधानमंत्री के संवाद में 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प भी प्रमुखता से सामने आया।

केंद्रीय मंत्रियों और भाजपा के वरिष्ठ नेताओं की रही मौजूदगी

दीपावली मिलन समारोह में केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा, संगठन महामंत्री भी एवं सतोष,  मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णवी, भाजपा के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी एवं सांसद अनिल बलूनी, भाजपा दिल्ली प्रदेश के अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा, कार्यक्रम संयोजक आशीष अग्रवाल सहित पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ताओं और मीडिया विभाग के पदाधिकारियों की उपस्थिति रही। इस अवसर पर मीडिया जगत की अनेक जानी-मानी हस्तियां और वरिष्ठ पत्रकार भी शामिल हुए।

समारोह केवल दीपावली की शुभकामनाओं के आदान-प्रदान तक सीमित नहीं रहा, बल्कि पत्रकारिता, लोकतांत्रिक संवाद, देश के विकास और समाज के प्रति मीडिया की जिम्मेदारी पर विचार साझा करने का भी अवसर बना। प्रधानमंत्री द्वारा अपने शुरुआती दिनों के अनुभवों को याद करना इस आयोजन का विशेष आकर्षण रहा।

Share This Post:-

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

one × four =