Post Views: 0
मोदी सरकार और भाजपा संगठन में बड़ा फेरबदल संभव
अमर चंद्र
दिल्ली।भारतीय जनता पार्टी के संगठन और केंद्र सरकार में जल्द बड़े बदलाव देखने को मिल सकते हैं। पार्टी सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन मई महीने के आखिरी सप्ताह में अपनी नई टीम की घोषणा कर सकते हैं। माना जा रहा है कि इस नई टीम में युवा चेहरों और सक्रिय नेताओं को अधिक महत्व दिया जाएगा।
पार्टी सूत्रों के अनुसार, पार्टी आगामी चुनावों और भविष्य की रणनीति को ध्यान में रखते हुए संगठन में “यंग ब्लड” को आगे लाने की तैयारी में है। भाजपा नेतृत्व का मानना है कि युवाओं की भागीदारी बढ़ाने से पार्टी को नई ऊर्जा और जमीनी स्तर पर मजबूती मिलेगी।
वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा हाल ही में की गई मंत्रिपरिषद की बैठक के बाद केंद्र सरकार में भी बड़े फेरबदल की चर्चाएं तेज हो गई हैं। राजनीतिक गलियारों में यह संकेत मिल रहे हैं कि लगभग 50 प्रतिशत मंत्रालयों और विभागों में बदलाव किया जा सकता है। कई नए और युवा सांसदों को मंत्रिमंडल में जगह मिलने की संभावना जताई जा रही है।
सूत्रों का कहना है कि भाजपा अब आगामी विधानसभा चुनावों और 2029 लोकसभा चुनाव की तैयारियों को ध्यान में रखते हुए संगठन और सरकार दोनों स्तरों पर नई रणनीति बना रही है। पार्टी नेतृत्व ऐसे नेताओं को आगे लाने पर जोर दे रहा है, जिनकी राज्यों में मजबूत पकड़ हो और जो युवाओं के बीच प्रभाव रखते हों।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि भाजपा आने वाले समय में संगठन और सरकार दोनों स्तर पर नई रणनीति के साथ आगे बढ़ना चाहती है। पार्टी का फोकस अनुभवी नेताओं के साथ-साथ युवा नेतृत्व को अवसर देकर संतुलन बनाने पर है, ताकि देशभर में संगठन को और अधिक मजबूत किया जा सके।
हालांकि, पार्टी की ओर से अभी तक नई टीम और मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है, लेकिन दिल्ली के राजनीतिक गलियारों में इसे लेकर चर्चाएं तेज हैं।
Related