Post Views: 0
Amar sandesh दिल्ली/जयपुर।राजस्थान में आगामी 31मई 2026को एआई समिट आयोजित होने जा रहे “राजस्थान कृत्रिम बुद्धिमत्ता समिट-2026” की तैयारियों को लेकर शनिवार को संविधान क्लब राजस्थान के मंथन सभागार में उच्चस्तरीय रणनीतिक बैठक आयोजित की गई। बैठक में आयोजन को राष्ट्रीय स्तर पर सफल और ऐतिहासिक बनाने के लिए विभिन्न व्यवस्थाओं एवं जिम्मेदारियों पर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक की अध्यक्षता आयोजन समिति के अध्यक्ष डॉ. आदित्य नाग ने की। इस अवसर पर मार्गदर्शक डॉ.आशुतोष पंत ने अपने प्रेरक संबोधन में कहा कि यह समिट केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि युवाओं की प्रतिभा, नवाचार और कृत्रिम बुद्धिमत्ता आधारित विकसित भारत के निर्माण का सशक्त अभियान है। उन्होंने टीम भावना, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता तथा उत्कृष्ट कार्यसंस्कृति के महत्व पर बल देते हुए सभी सदस्यों का उत्साहवर्धन किया।
बैठक में राइट कोड सोसायटी के प्रमुख विचारक गौरव शर्मा ने आयोजन की वैचारिक दिशा और नवाचार आधारित दृष्टिकोण पर अपने विचार रखे। जापान के प्रसिद्ध परमाणु वैज्ञानिक डॉ. सौरव शर्मा ने विज्ञान, अनुसंधान और कृत्रिम बुद्धिमत्ता के समन्वित भविष्य पर प्रकाश डाला।
आयोजन समिति के सचिव अजीत कौशिक ने प्रशासनिक व्यवस्था, अनुशासन और प्रभावी क्रियान्वयन से जुड़े महत्वपूर्ण सुझाव दिए। एरीना मल्टीमीडिया संस्थान की निदेशक रोलिका सिंह तथा ओपन फॉर स्माइल संस्था के मुख्य कार्यकारी अधिकारी इंजीनियर अर्जुन सक्सेना ने भी कार्यक्रम में भाग लेते हुए युवा सहभागिता और सामाजिक उत्तरदायित्व की आवश्यकता पर जोर दिया।
बैठक में ग़ज़ल, यादव और गार्गी अग्रवाल सहित विभिन्न विभागों के प्रतिनिधियों, स्वयंसेवकों, समन्वयकों, आतिथ्य दल और प्रबंधन से जुड़े सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
डॉ. आदित्य नाग ने कहा कि राजस्थान कृत्रिम बुद्धिमत्ता समिट-2026 केवल एक तकनीकी सम्मेलन नहीं होगा, बल्कि यह राजस्थान और देश में नवाचार तथा कृत्रिम बुद्धिमत्ता के क्षेत्र में नई दिशा देने वाला ऐतिहासिक जनआंदोलन साबित होगा। उन्होंने सभी सदस्यों से समर्पण, अनुशासन और बेहतर समन्वय के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
बैठक में अतिथियों के स्वागत, मंच संचालन, मीडिया प्रबंधन, तकनीकी व्यवस्थाओं, सुरक्षा प्रबंधन, सीधा प्रसारण और अतिथि सत्कार सहित विभिन्न विषयों पर गहन मंथन किया गया। आयोजन को सफल बनाने के लिए स्वयंसेवक समन्वय दल, आतिथ्य एवं अतिथि संबंध दल, तकनीकी प्रबंधन दल, मीडिया एवं जनसंपर्क दल तथा सुरक्षा एवं अनुशासन प्रबंधन दल को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गईं।
बैठक के अंत में अजीत कौशिक ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत करते हुए सभी सदस्यों को आगामी आयोजन के लिए शुभकामनाएं दीं। उपस्थित सभी सदस्यों ने संकल्प लिया कि राजस्थान कृत्रिम बुद्धिमत्ता समिट-2026 को राष्ट्रीय स्तर का भव्य, सुव्यवस्थित और यादगार आयोजन बनाया जाएगा।
Related