Saturday, July 4, 2026
Latest:
दिल्लीराजस्थानराष्ट्रीय

राजस्थान को मिली हरित ऊर्जा की नई ताकत: प्रधानमंत्री मोदी ने 300 मेगावाट कर्णीसर सोलर पावर प्लांट राष्ट्र को समर्पित किया

बीकानेर से वर्चुअल लोकार्पण, 75 करोड़ यूनिट वार्षिक स्वच्छ बिजली उत्पादन और 6.4 लाख टन कार्बन उत्सर्जन में कमी का लक्ष्य; स्थानीय रोजगार को भी मिलेगा बढ़ावा

 

Amar sandesh नई दिल्ली/बीकानेर।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को राजस्थान के बीकानेर स्थित एनएचपीसी के 300 मेगावाट क्षमता वाले कर्णीसर सोलर पावर प्लांट का वर्चुअल माध्यम से उद्घाटन किया। यह परियोजना देश की नवीकरणीय ऊर्जा क्षमता को नई मजबूती देने के साथ ही स्वच्छ ऊर्जा, ऊर्जा सुरक्षा और सतत विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है।

उद्घाटन समारोह में राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ किसानराव बागड़े, मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा, केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी, उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी तथा डॉ. प्रेम चंद बैरवा सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

अपने संबोधन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि नवीकरणीय ऊर्जा भारत की ऊर्जा सुरक्षा और सतत भविष्य की आधारशिला है। उन्होंने कहा कि राजस्थान विश्वस्तरीय सौर ऊर्जा अवसंरचना के विकास का प्रमुख केंद्र बन रहा है और स्वच्छ ऊर्जा के क्षेत्र में देश की महत्वाकांक्षाओं को गति देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।

एनएचपीसी के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक भूपेंद्र गुप्ता ने परियोजना के सफल क्रियान्वयन के लिए प्रधानमंत्री, भारत सरकार, राजस्थान सरकार, विद्युत मंत्रालय, नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय तथा सभी संबंधित एजेंसियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि एनएचपीसी देश के स्वच्छ ऊर्जा लक्ष्यों को हासिल करने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है।

300 मेगावाट क्षमता वाले कर्णीसर सोलर पावर प्लांट का निर्माण ‘आत्मनिर्भर भारत’ की अवधारणा को ध्यान में रखते हुए किया गया है। परियोजना में देश में निर्मित लगभग 7.75 लाख सोलर पीवी सेल एवं मॉड्यूल का उपयोग किया गया है, जिससे स्वदेशी विनिर्माण को भी बढ़ावा मिला है।

इस परियोजना से प्रतिवर्ष लगभग 75 करोड़ यूनिट स्वच्छ बिजली का उत्पादन होने का अनुमान है। साथ ही, हर वर्ष लगभग 6.4 लाख टन कार्बन डाइऑक्साइड उत्सर्जन में कमी आएगी, जिससे पर्यावरण संरक्षण और भारत की जलवायु प्रतिबद्धताओं को मजबूती मिलेगी।

सौर ऊर्जा उत्पादन के साथ-साथ इस परियोजना ने क्षेत्र के 40 से अधिक स्थानीय लोगों के लिए प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर भी सृजित किए हैं। इससे बीकानेर और आसपास के क्षेत्रों के सामाजिक एवं आर्थिक विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है।

गौरतलब है कि एनएचपीसी लिमिटेड, विद्युत मंत्रालय के अधीन एक नवरत्न केंद्रीय सार्वजनिक उपक्रम (सीपीएसई) है। संयुक्त उपक्रमों और सहायक कंपनियों सहित इसकी कुल स्थापित क्षमता 9,332.90 मेगावाट है। कंपनी जलविद्युत, सौर और पवन ऊर्जा परियोजनाओं के माध्यम से देश के ग्रीन एनर्जी मिशन को गति देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।

Share This Post:-

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *