Post Views: 0
नई दिल्ली।भारत और कतर के बीच रणनीतिक साझेदारी को नई दिशा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी 9 अप्रैल को दो दिवसीय आधिकारिक दौरे पर कतर की राजधानी दोहा पहुंचे। अपने दौरे के दौरान उन्होंने कतर के ऊर्जा कार्य राज्य मंत्री एवं कतर एनर्जी के अध्यक्ष और सीईओ साद शेरिदा अल-काबी के साथ विस्तृत और सारगर्भित वार्ता की।
बैठक के दौरान पुरी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की ओर से कतर के आमीर शेख तमीम बिन हमद अल थानी और प्रधानमंत्री एवं विदेश मंत्री शेख मोहम्मद बिन अब्दुल रहमान अल थानी को शुभकामनाएं प्रेषित करते हुए दोनों देशों के बीच एकजुटता और सहयोग के सुदृढ़ संदेश को दोहराया।
वार्ता में हालिया वैश्विक और क्षेत्रीय परिस्थितियों पर भी गंभीर विमर्श हुआ। केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने मार्च 2026 में प्रधानमंत्री मोदी और कतर के आमीर के बीच हुई दो महत्वपूर्ण टेलीफोन वार्ताओं का उल्लेख करते हुए कहा कि दोनों देशों ने संवाद और कूटनीति के माध्यम से क्षेत्र में शांति और स्थिरता स्थापित करने की आवश्यकता पर बल दिया है। इस दौरान भारत ने कतर में रह रहे भारतीय समुदाय के प्रति वहां की सरकार द्वारा दिए जा रहे सहयोग और संरक्षण के लिए आभार भी व्यक्त किया।
दोनों पक्षों के बीच हुई बातचीत में द्विपक्षीय संबंधों के विविध आयामों जैसे व्यापार, निवेश, ऊर्जा सहयोग, सांस्कृतिक आदान-प्रदान और जन-से-जन संपर्क—पर गहन चर्चा हुई। दोनों नेताओं ने यह विश्वास व्यक्त किया कि आने वाले समय में भारत-कतर संबंध और अधिक प्रगाढ़ होंगे।
साद शेरिदा अल-काबी ने कतर की ओर से यह स्पष्ट किया कि उनका देश वैश्विक ऊर्जा बाजार में एक विश्वसनीय आपूर्तिकर्ता के रूप में अपनी भूमिका निभाता रहेगा और भारत के साथ ऊर्जा सहयोग को और अधिक सुदृढ़ करने के लिए प्रतिबद्ध है।
बैठक में अमेरिका और ईरान के बीच 8 अप्रैल को हुए दो सप्ताह के युद्धविराम समझौते का स्वागत करते हुए दोनों नेताओं ने वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति में आई बाधाओं को शीघ्र समाप्त करने और सामान्य स्थिति बहाल करने पर जोर दिया। साथ ही, वैश्विक आपूर्ति श्रृंखलाओं की निरंतरता बनाए रखने के लिए निर्बाध नौवहन और व्यापार प्रवाह की आवश्यकता पर भी बल दिया गया।
दौरे के अंत में पुरी ने काबी का आतिथ्य के लिए आभार व्यक्त किया। दोनों पक्षों ने भविष्य में निरंतर संवाद और संपर्क बनाए रखने पर सहमति जताई, जिससे भारत और कतर के बीच संबंधों को और नई ऊंचाइयों तक पहुंचायेगा।
Related