दिल्ली में बनेगा 105.5 करोड़ रुपये की लागत से नया आंध्र प्रदेश भवन, NBCC ने सरकार के साथ किया समझौता
दिल्ली में बनेगा 105.5 करोड़ रुपये की लागत से नया आंध्र प्रदेश भवन, NBCC ने सरकार के साथ किया समझौता
Amar sandesh नई दिल्ली।राष्ट्रीय राजधानी में आंध्र प्रदेश सरकार के लिए अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त नए आंध्र प्रदेश भवन के निर्माण का मार्ग प्रशस्त हो गया है।केंद्र सरकार के नवरत्न सार्वजनिक उपक्रम एनबीसीसी (इंडिया) लिमिटेड ने आंध्र प्रदेश सरकार के साथ इस महत्वाकांक्षी परियोजना के लिए समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए हैं। परियोजना की अनुमानित लागत 105.5 करोड़ रुपये (जीएसटी एवं पीएमसी शुल्क को छोड़कर) तय की गई है।
यह परियोजना टर्नकी आधार पर विकसित की जाएगी। समझौते पर आंध्र प्रदेश भवन के रेजिडेंट कमिश्नर प्रवीन कुमार (आईएएस) तथा एनबीसीसी के सीजीएम (इंजीनियरिंग) अनिल कुमार ने हस्ताक्षर किए। इस अवसर पर एनबीसीसी के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक डॉ. के.पी. महादेवस्वामी, आंध्र प्रदेश भवन के विशेष आयुक्त अरजा श्रीकांत तथा एनबीसीसी के निदेशक (वाणिज्य) डॉ. सुमन कुमार भी उपस्थित रहे।
प्रस्तावित नए आंध्र प्रदेश भवन का कुल निर्मित क्षेत्रफल लगभग 2.49 लाख वर्ग फुट होगा। परियोजना के तहत वास्तु योजना, संरचनात्मक डिजाइन, निविदा प्रक्रिया, अनुबंध प्रबंधन से लेकर निर्माण कार्य तक की संपूर्ण जिम्मेदारी एनबीसीसी निभाएगी।
दोनों पक्षों के बीच भविष्य में भवन के कम से कम पांच वर्षों के वार्षिक रखरखाव को लेकर भी अलग से समझौता किए जाने पर सहमति बनी है।
एनबीसीसी का कहना है कि नया आंध्र प्रदेश भवन आधुनिक वास्तुकला, उन्नत सुविधाओं और प्रभावी प्रशासनिक व्यवस्था का प्रतीक बनेगा। यह भवन राष्ट्रीय राजधानी में आंध्र प्रदेश सरकार की मौजूदगी को नई पहचान देने के साथ-साथ नागरिक सेवाओं को भी और अधिक सुदृढ़ करेगा।

