Post Views: 0
डॉ के सी पांडेय
अमर संदेश वरिष्ठ सलाहकार
नई दिल्ली। इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय रिटायर्ड एम्प्लॉइज वेलफेयर एसोसिएशन (IGNOU-REWA) ने नई दिल्ली के द्वारका सेक्टर-10 स्थित आयुष्मान हॉस्पिटल एंड हेल्थ सर्विसेज के साथ मिलकर शनिवार, 25 जुलाई, 2026 को हॉस्पिटल के कॉन्फ्रेंस हॉल में एक विशेष स्वास्थ्य जागरूकता सत्र का सफल आयोजन किया। इस इंटरएक्टिव हेल्थ सेशन का उद्घाटन अस्पताल के मेडिकल सुपरिंटेंडेंट डॉ. प्रशांत सनवाल द्वारा किया गया, जिन्होंने वरिष्ठ नागरिकों एवं सेवानिवृत्त कर्मचारियों के बेहतर स्वास्थ्य के लिए इस प्रकार के आयोजनों को बेहद महत्वपूर्ण बताया। सत्र के दौरान बड़ी संख्या में IGNOU के सेवानिवृत्त कर्मचारियों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई और स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं।
कार्यक्रम के प्रथम चरण में आयुष्मान हॉस्पिटल के हड्डी रोग विभाग के सीनियर कंसल्टेंट डॉ. संजीव कुमार ने “इलाज से बेहतर रोकथाम है” के मूल मंत्र के साथ ‘सेवानिवृत्ति के बाद दर्द-मुक्त जीवन’ विषय पर बहुत ही सुंदर और प्रभावी प्रस्तुति दी। उन्होंने बढ़ती उम्र में होने वाले सार्कोपेनिया और मसल्स लॉस जैसी समस्याओं पर प्रकाश डालते हुए बताया कि कार्डियो एक्सरसाइज, मसल्स स्ट्रेचिंग और बैलेंसिंग एक्सरसाइज के माध्यम से उम्र बढ़ने के बावजूद जोड़ों के कार्टिलेज को मजबूत रखकर खुद को पूरी तरह फिट रखा जा सकता है। इसके अलावा, उन्होंने आहार में ब्रोकली, अखरोट और ओमेगा-3 फैटी एसिड से भरपूर अलसी (फ्लेक्स सीड्स) जैसी चीजों को शामिल करने पर जोर दिया, जो हमारे जोड़ों को प्राकृतिक रूप से लुब्रिकेट रखने में मदद करते हैं।
सत्र के दूसरे चरण में गैस्ट्रोएंटरोलॉजी विभाग के सीनियर कंसल्टेंट डॉ. सक्षम सेठ ने ‘कब्ज को बेहतर ढंग से समझना’ विषय पर विस्तृत जानकारी साझा की। उन्होंने बुजुर्गों और वरिष्ठ नागरिकों में आम तौर पर पाई जाने वाली पेट से जुड़ी समस्या -कब्ज के साथ-साथ, गैस और एसिडिटी के कारणों व निवारण के बारे में भी समझाया। दोनों ही सत्र पूरी तरह से इंटरएक्टिव रहे, जिनमें उपस्थित इग्नू-रेवा सदस्यों ने स्वास्थ्य से जुड़ी अपनी विभिन्न शंकाओं और प्रश्नों को खुलकर डॉक्टरों के सामने रखा। विशेषज्ञ डॉक्टरों ने सदस्यों द्वारा उठाए गए प्रश्नों का अत्यंत सरलता एवं विस्तारपूर्वक जवाब देकर उनकी समस्याओं का समाधान किया।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर आयुष्मान हॉस्पिटल के मेडिकल सुपरिटेंडेंट डॉ. प्रशांत सनवाल और जनरल मैनेजर श्री सुनील कौशिक ने अस्पताल में उपलब्ध अत्याधुनिक चिकित्सा सुविधाओं और व्यापक हेल्थकेयर सेवाओं के बारे में सदस्यों को अवगत कराया। साथ ही, उन्होंने कर्मचारियों के स्वास्थ्य हित में इस सफल स्वास्थ्य जागरूकता सत्र के आयोजन के लिए IGNOU-REWA की पूरी टीम का धन्यवाद करते हुए आभार व्यक्त किया।
Related