Saturday, July 25, 2026
बिहारराष्ट्रीय

बिहार में सार्वजनिक परिवहन को मिली नई रफ्तार, 400 इलेक्ट्रिक बसों को मंजूरी; नई डीलक्स बसों का भी शुभारंभ

Amar sandesh दिल्ली/पटना, 25 जुलाई।बिहार में आधुनिक, सुरक्षित और पर्यावरण अनुकूल सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। पटना स्थित वेटनरी कॉलेज ग्राउंड में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने प्रधानमंत्री ई-बस सेवा योजना के तहत संचालित होने वाली इलेक्ट्रिक बसों तथा बिहार राज्य पथ परिवहन निगम (बीएसआरटीसी) के नए डीलक्स बस बेड़े को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री ई-बस सेवा योजना के अंतर्गत बिहार को स्वीकृत 400 इलेक्ट्रिक बसों में से पहली इलेक्ट्रिक बस का शुभारंभ किया गया। इनमें 200 बसें 12 मीटर तथा 200 बसें 9 मीटर श्रेणी की होंगी। इसके साथ ही बिहार राज्य पथ परिवहन निगम के नए डीलक्स बस बेड़े की बसों को भी संचालन के लिए रवाना किया गया।

सरकार के अनुसार इन आधुनिक बसों के संचालन से यात्रियों को सुरक्षित, आरामदायक और विश्वसनीय यात्रा सुविधा मिलेगी। बसों में अत्याधुनिक तकनीक आधारित सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं, जिससे सार्वजनिक परिवहन की गुणवत्ता में उल्लेखनीय सुधार होगा।

नई इलेक्ट्रिक बसों का संचालन पटना, मुजफ्फरपुर, गया, भागलपुर, दरभंगा और पूर्णिया जैसे प्रमुख शहरों में किया जाएगा। इससे वायु प्रदूषण में कमी आएगी और पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा।

वहीं, बिहार राज्य पथ परिवहन निगम की नई डीलक्स बसें दिल्ली, उत्तर प्रदेश, झारखंड, पश्चिम बंगाल और हरियाणा सहित विभिन्न महत्वपूर्ण अंतरराज्यीय मार्गों पर संचालित की जाएंगी। इससे यात्रियों को निजी वाहनों की तुलना में अधिक सुरक्षित, सुविधाजनक और किफायती यात्रा का विकल्प उपलब्ध होगा तथा राज्य की सार्वजनिक परिवहन सेवाओं का विस्तार भी होगा।

कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, उपमुख्यमंत्री विजय प्रसाद यादव, परिवहन मंत्री दामोदर रावत, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, विकास आयुक्त मिहिर कुमार सिंह, परिवहन विभाग के सचिव राज कुमार तथा बिहार राज्य पथ परिवहन निगम के प्रशासक अतुल कुमार वर्मा सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Share This Post:-

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *