Post Views: 0
16 कंपनियों ने लिया हिस्सा, पहली बार 4 नई कंपनियां भी शामिल; तकनीकी मूल्यांकन के बाद होगी ई-नीलामी
Amar sandesh नई दिल्ली। देश में वाणिज्यिक कोयला खनन को लेकर उद्योग जगत का भरोसा लगातार मजबूत होता दिखाई दे रहा है।कोयला मंत्रालय के अंतर्गत नामित प्राधिकारी ने गुरुवार को वाणिज्यिक कोयला ब्लॉकों की 15वें दौर की नीलामी तथा 13वें और 14वें दौर के दूसरे प्रयास के तहत प्राप्त बोलियां खोलीं। इस प्रक्रिया में प्रस्तावित 23 कोयला ब्लॉकों में से 8 ब्लॉकों के लिए कुल 21 बोलियां प्राप्त हुईं, जो निजी क्षेत्र की बढ़ती भागीदारी का संकेत है।
नीलामी प्रक्रिया के तहत पहले ऑनलाइन बोलियों को डिक्रिप्ट कर इलेक्ट्रॉनिक माध्यम से खोला गया। इसके बाद ऑफलाइन जमा किए गए सीलबंद लिफाफों को बोलीदाताओं की उपस्थिति में खोला गया। पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी बनाए रखने के लिए स्क्रीन पर लाइव प्रदर्शित किया गया।
इस दौर में कुल 16 कंपनियों ने भाग लिया, जिनमें 4 कंपनियां पहली बार वाणिज्यिक कोयला खनन की नीलामी में शामिल हुईं। नई कंपनियों की भागीदारी को कोयला क्षेत्र में निवेश और सरकार की नीतियों पर उद्योग जगत के बढ़ते विश्वास के रूप में देखा जा रहा है।
अब प्राप्त बोलियों का परीक्षण बहु-विषयक तकनीकी मूल्यांकन समिति द्वारा किया जाएगा। तकनीकी रूप से पात्र घोषित होने वाले बोलीदाताओं को एमएसटीसी पोर्टल पर आयोजित होने वाली इलेक्ट्रॉनिक नीलामी (ई-ऑक्शन) में शामिल होने का अवसर मिलेगा।
कोयला मंत्रालय का मानना है कि वाणिज्यिक कोयला ब्लॉकों की नीलामी में लगातार मिल रही सकारात्मक प्रतिक्रिया इस क्षेत्र की बढ़ती संभावनाओं को दर्शाती है। इससे देश में औद्योगिक विकास, ऊर्जा सुरक्षा और आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य को गति मिलने की उम्मीद है।
Related