Post Views: 0
Amar sandesh पूर्वी दिल्ली के प्रीत विहार उप मंडल अंतर्गत शकरपुर थाना क्षेत्र के उपाध्याय ब्लॉक स्थित मेन मदर डेयरी रोड पर सरकारी शराब की दुकानों के आसपास सार्वजनिक स्थलों पर शराब सेवन करने वालों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान को स्थानीय नागरिकों एवं सामाजिक संगठनों द्वारा व्यापक सराहना प्राप्त हो रही है।
यह विशेष अभियान बीट अधिकारी हेड कांस्टेबल अनुराग सिंह के नेतृत्व में हेड कांस्टेबल गौतम नैन, हेड कांस्टेबल सचिन ढाका, हेड कांस्टेबल राहुल तालियान, हेड कांस्टेबल वेद प्रकाश त्यागी, कांस्टेबल नितिन, कांस्टेबल राहुल राजा एवं कांस्टेबल अमृत लाल द्वारा सक्रिय रूप से चलाया जा रहा है। शकरपुर थाना के एटीओ विजेंदर नागर का इस अभियान में विशेष योगदान है। पुलिस टीम द्वारा सार्वजनिक स्थलों पर शराब सेवन, अनावश्यक जमावड़ा एवं असामाजिक गतिविधियों के विरुद्ध निरंतर सख्त कार्यवाही की जा रही है, जिससे क्षेत्र में कानून-व्यवस्था एवं सुरक्षा व्यवस्था को मजबूती मिली है।
इस अभियान को एसीपी प्रीत विहार उप मंडल श्री अशोक कुमार, एसीपी (अंडर ट्रेनिंग) मैडम सीमा तोमर एवं शकरपुर थानाध्यक्ष श्री कमल किशोर के कुशल नेतृत्व एवं प्रभावी मार्गदर्शन में संचालित किया जा रहा है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि पुलिस की इस कार्यवाही से विशेषकर महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों एवं दैनिक आवागमन करने वाले राहगीरों को काफी राहत एवं सुरक्षा का अनुभव हुआ है।
क्षेत्रीय नागरिकों के अनुसार सार्वजनिक स्थलों पर शराब सेवन के कारण अक्सर आपसी विवाद, अभद्र व्यवहार, छेड़छाड़ एवं अन्य असामाजिक घटनाओं की आशंका बनी रहती थी। वहीं शराबियों के जमावड़े एवं बेवजह की भीड़ से आम जनता को भारी असुविधा का सामना करना पड़ता था। पुलिस की सतर्क एवं सख्त कार्यवाही के चलते ऐसी गतिविधियों में कमी आई है तथा क्षेत्र में शांति एवं अनुशासन का वातावरण मजबूत हुआ है। हिंदू मुस्लिम सिख ईसाई एकता अमन कमेटी के संगठन सचिव एडवोकेट हरीश गोला द्वारा आयोजित एक सादे सम्मान समारोह का आयोजन कर संबंधित वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों एवं बीट स्टाफ को सम्मान पत्र एवं “लेटर ऑफ थैंक्स” प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर क्षेत्र के प्रमुख समाजसेवी श्री कौशल कपूर सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान समिति के संगठन सचिव, पुलिस मित्र एवं आरडब्ल्यूए उपाध्याय ब्लॉक के सदस्य एडवोकेट हरीश गोला ने कहा कि पुलिस एवं जनता के मध्य बेहतर समन्वय ही सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण समाज की आधारशिला है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में सार्वजनिक स्थलों पर शराब सेवन एवं असामाजिक गतिविधियों के विरुद्ध बीट स्टाफ द्वारा चलाया जा रहा अभियान अत्यंत सराहनीय है तथा इससे आम नागरिकों में सुरक्षा एवं विश्वास की भावना मजबूत हुई है।
एसीपी प्रीत विहार उप मंडल श्री अशोक कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि सार्वजनिक स्थलों पर शराब सेवन एवं कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाली गतिविधियों के विरुद्ध भविष्य में भी इसी प्रकार सख्त कार्यवाही जारी रहेगी, ताकि आम जनता को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
इस अवसर पर क्षेत्र के प्रमुख समाजसेवी श्री कौशल कपूर ने भी पुलिस प्रशासन के प्रयासों की प्रशंसा करते हुए कहा कि क्षेत्र की सुरक्षा, शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रत्येक नागरिक को पुलिस प्रशासन के साथ सहयोग करना चाहिए। यह कार्यक्रम पुलिस-पब्लिक कोऑर्डिनेशन का एक सकारात्मक उदाहरण बनकर सामने आया, जिसमें समाज एवं पुलिस प्रशासन ने मिलकर जनहित एवं क्षेत्रीय सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का संदेश दिया।
Related