Views: 0
संविधान दिवस पर इंदौर में देवी अहिल्या विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों से किया संवाद, महिला सशक्तिकरण, ऊर्जा सुरक्षा और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को बताया विकसित भारत की मजबूत नींव
Amar Sandesh दिल्ली/इंदौर, 26 नवंबर। केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने कहा कि भारतीय संविधान देश के लोकतंत्र की आधारशिला है। संविधान केवल नागरिकों को अधिकार ही नहीं देता, बल्कि उन्हें अपने कर्तव्यों और सामाजिक दायित्वों का भी बोध कराता है। लोकतांत्रिक व्यवस्था की वास्तविक सफलता तभी है, जब विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। देश की युवा पीढ़ी को संवैधानिक मूल्यों को आत्मसात करते हुए राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।
संविधान दिवस के अवसर पर केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी इंदौर स्थित देवी अहिल्या विश्वविद्यालय में विद्यार्थियों से रूबरू हुए। इस दौरान उन्होंने संविधान, लोकतंत्र, आर्थिक विकास, महिला सशक्तिकरण, ऊर्जा सुरक्षा और आत्मनिर्भर भारत जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर अपने विचार रखे। कार्यक्रम का शुभारंभ वंदे मातरम् के गायन के साथ हुआ। इस अवसर पर सांसद शंकर लालवानी, विधायक राकेश गोलू शुक्ला, विश्वविद्यालय के कुलपति राकेश सिंघाई, कुलसचिव डॉ. प्रज्वल खरे सहित जनप्रतिनिधि, प्राध्यापक और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि भारतीय संविधान 26 नवंबर 1949 को अंगीकृत किया गया था और 26 जनवरी 1950 को लागू हुआ। यह संविधान ही है, जो देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था, नागरिक स्वतंत्रता, समानता और सामाजिक समरसता को मजबूती प्रदान करता है। उन्होंने युवाओं से संविधान के मूल सिद्धांतों को समझने और देश के प्रति अपने दायित्वों का ईमानदारी से निर्वहन करने का आह्वान किया।
महिला सशक्तिकरण से महिला नेतृत्व की ओर बढ़ रहा भारत
महिला सशक्तिकरण पर जोर देते हुए श्री पुरी ने कहा कि भारत अब महिला-केंद्रित विकास से महिला-नेतृत्व वाले विकास की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। प्रधानमंत्री आवास योजना और प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना ने महिलाओं के जीवन में व्यापक सकारात्मक बदलाव लाने का काम किया है। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत महिलाओं को मकान के स्वामित्व में प्राथमिकता मिलने से उन्हें सुरक्षा, सम्मान और आर्थिक मजबूती मिली है।
उन्होंने बताया कि वर्ष 2014 में देश में लगभग 14 करोड़ एलपीजी कनेक्शन थे, जिनकी संख्या अब बढ़कर करीब 33.50 करोड़ हो गई है। उज्ज्वला योजना के माध्यम से करोड़ों परिवारों को स्वच्छ रसोई ईंधन उपलब्ध कराया गया है। इससे महिलाओं को धुएं से होने वाली परेशानियों से राहत मिली है और उनके स्वास्थ्य एवं जीवन स्तर में सुधार हुआ है।
चार ट्रिलियन डॉलर से अधिक हुई भारतीय अर्थव्यवस्था
भारतीय अर्थव्यवस्था की प्रगति का उल्लेख करते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि वर्ष 2014 में देश की अर्थव्यवस्था लगभग दो ट्रिलियन डॉलर की थी, जो अब चार ट्रिलियन डॉलर से अधिक हो चुकी है। भारत विश्व की तेजी से आगे बढ़ती प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में शामिल है। बुनियादी ढांचे का विस्तार, जनकल्याणकारी योजनाएं और विभिन्न क्षेत्रों में हो रहे विकास कार्य देश को नई ऊंचाइयों की ओर ले जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की प्रतिभा, नवाचार और ऊर्जा की महत्वपूर्ण भूमिका होगी।
ऊर्जा सुरक्षा और स्वच्छ ईंधन सरकार की प्राथमिकता
पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस क्षेत्र की उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए श्री पुरी ने कहा कि भारत अपनी ऊर्जा जरूरतों को पूरा करने के साथ-साथ ऊर्जा सुरक्षा को मजबूत करने और स्वच्छ ईंधन के उपयोग को बढ़ावा देने की दिशा में लगातार काम कर रहा है। देश में पाइप्ड प्राकृतिक गैस (पीएनजी) नेटवर्क का विस्तार किया जा रहा है। वर्ष 2014 में गैस पाइपलाइन नेटवर्क लगभग 14 हजार किलोमीटर था, जो अब बढ़कर करीब 25 हजार किलोमीटर हो गया है। वर्ष 2030 तक इसे लगभग 33 हजार किलोमीटर तक पहुंचाने का लक्ष्य है।
उन्होंने कहा कि वैश्विक परिस्थितियों के बीच ऊर्जा आपूर्ति की चुनौतियों से निपटने के लिए घरेलू उत्पादन बढ़ाना, ऊर्जा स्रोतों में विविधता लाना और आपूर्ति व्यवस्था को मजबूत करना आवश्यक है।
इथेनॉल मिश्रण से किसानों को मिला आर्थिक लाभ
केंद्रीय मंत्री ने पेट्रोल में इथेनॉल मिश्रण कार्यक्रम को देश की ऊर्जा आत्मनिर्भरता की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 में पेट्रोल में इथेनॉल मिश्रण लगभग 1.4 प्रतिशत था, जो अब बढ़कर 20 प्रतिशत तक पहुंच गया है। इससे कच्चे तेल के आयात पर निर्भरता कम करने, विदेशी मुद्रा की बचत और पर्यावरण संरक्षण में मदद मिली है।
उन्होंने बताया कि इस कार्यक्रम के माध्यम से लगभग 1.90 लाख करोड़ रुपये की विदेशी मुद्रा की बचत हुई है तथा किसानों को करीब 1.40 लाख करोड़ रुपये का भुगतान किया गया है। इससे किसानों को अतिरिक्त आर्थिक अवसर प्राप्त हुए हैं और कृषि क्षेत्र को भी लाभ मिला है।
देवी अहिल्याबाई होलकर के योगदान को किया याद
इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री ने लोकमाता देवी अहिल्याबाई होलकर के सामाजिक और शैक्षणिक योगदान को याद करते हुए कहा कि उनका जीवन आज भी पूरे देश के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने महिला शिक्षा और समाज के उत्थान के लिए उल्लेखनीय कार्य किए। श्री पुरी ने अपने परिवार से जुड़ा प्रसंग साझा करते हुए बताया कि उनकी सास मालती बाई और उनकी बड़ी बहन ने लगभग एक शताब्दी पूर्व इंदौर के अहिल्या आश्रम में शिक्षा प्राप्त की थी। उस दौर में भी उनके पिता ने बेटियों की शिक्षा को प्राथमिकता दी थी। बाद में दोनों बहनों ने मुंबई विश्वविद्यालय से उच्च शिक्षा हासिल की। उन्होंने कहा कि अहिल्याबाई होलकर की शिक्षा और समाज कल्याण के प्रति दूरदर्शी सोच आज भी प्रासंगिक है।
विद्यार्थियों के सवालों के दिए जवाब, पर्यावरण संरक्षण पर भी की चर्चा
संवाद कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने संविधान, लोकतंत्र, आर्थिक विकास, सामाजिक समरसता, पर्यावरण और ऊर्जा सुरक्षा से जुड़े सवाल पूछे। केंद्रीय मंत्री ने उनके प्रश्नों का जवाब देते हुए तथ्यों के आधार पर अध्ययन करने और देश की उपलब्धियों के साथ चुनौतियों को भी व्यापक दृष्टिकोण से समझने की सलाह दी।
पर्यावरण संरक्षण से जुड़े सवाल पर उन्होंने कहा कि विकास और पर्यावरण के बीच संतुलन बनाना समय की आवश्यकता है। भारत सौर ऊर्जा, पवन ऊर्जा, हरित हाइड्रोजन और जैव ईंधन जैसे स्वच्छ ऊर्जा स्रोतों को बढ़ावा दे रहा है। देश की बढ़ती ऊर्जा जरूरतों को पूरा करने के साथ पर्यावरण संरक्षण पर भी समान रूप से ध्यान देना जरूरी है।
पत्रकार वार्ता में पेट्रोलियम क्षेत्र की उपलब्धियां साझा कीं
विद्यार्थियों के साथ संवाद के बाद केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने मीडिया प्रतिनिधियों से पत्रकार वार्ता की। इस दौरान उन्होंने एलपीजी आपूर्ति व्यवस्था, स्वच्छ ईंधन, इथेनॉल मिश्रण, पेट्रोलियम क्षेत्र में तकनीकी विकास और तेल एवं प्राकृतिक गैस के घरेलू उत्पादन से जुड़े विषयों पर जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि पेट्रोलियम क्षेत्र में आधुनिक तकनीक और स्वचालन का इस्तेमाल बढ़ रहा है। पाइपलाइन सुरक्षा, रिफाइनरी संचालन और अन्य तकनीकी प्रक्रियाओं में कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) की महत्वपूर्ण भूमिका हो सकती है। तेल एवं प्राकृतिक गैस के घरेलू उत्पादन को बढ़ाने के लिए नए क्षेत्रों में अन्वेषण, गहरे समुद्री क्षेत्रों में खोज और निजी क्षेत्र की भागीदारी को प्रोत्साहित किया जा रहा है।
मध्य प्रदेश से अपने जुड़ाव का उल्लेख करते हुए श्री पुरी ने कहा कि राज्य से राज्यसभा सदस्य के रूप में प्रतिनिधित्व करना उनके लिए प्रदेश के विकास और जनहित के कार्यों में योगदान देने का अवसर है। उन्होंने इंदौर की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और शैक्षणिक पहचान की सराहना करते हुए कहा कि देवी अहिल्याबाई होलकर की धरती से जुड़ना उनके लिए गौरव का विषय है।
कार्यक्रम के माध्यम से केंद्रीय मंत्री श्री पुरी ने विद्यार्थियों को संविधान के प्रति जागरूक रहने, लोकतांत्रिक मूल्यों का सम्मान करने और विकसित भारत के निर्माण में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का संदेश दिया।
Related