उत्तराखण्डराष्ट्रीय

श्रीनगर में सांसद अनिल बलूनी का भव्य स्वागत, मोदी सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान

#श्रीनगर में गूंजा मोदी सरकार के 12 वर्षों का संदेश, अनिल बलूनी ने भरा कार्यकर्ताओं में नया जोश

Amar sandesh दिल्ली/श्रीनगर। गढ़वाल लोकसभा सांसद एवं भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय मीडिया प्रमुख अनिल बलूनी के श्रीनगर पहुंचने पर पार्टी कार्यकर्ताओं और स्थानीय जनता ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। इस अवसर पर उत्तराखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने उन्हें पुष्पगुच्छ भेंट कर अभिनंदन किया।

अपने श्रीनगर प्रवास के दौरान सांसद बलूनी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के सफल 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित विभिन्न संगठनात्मक एवं जनसंपर्क कार्यक्रमों में सहभागिता की। श्रीनगर विधानसभा स्थित भाजपा कार्यालय में आयोजित शक्ति केंद्र बैठक में उन्होंने पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के साथ संवाद करते हुए संगठन को और अधिक सशक्त, सक्रिय एवं गतिशील बनाने पर बल दिया।

उन्होंने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक प्रभावी ढंग से पहुंचाना भाजपा कार्यकर्ताओं की प्राथमिक जिम्मेदारी है। साथ ही मोदी सरकार के 12 वर्षों की ऐतिहासिक उपलब्धियों और जनहितकारी कार्यों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।

बैठक में आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों, जनसंपर्क अभियानों तथा बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत बनाने की रणनीति पर भी विस्तृत विचार-विमर्श किया गया।

इसके पश्चात सांसद बलूनी ने पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के साथ आयोजित टिफिन बैठक में भी सहभागिता की। बैठक के दौरान क्षेत्र में संचालित विकास कार्यों, जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति, स्थानीय जनसमस्याओं एवं संगठनात्मक विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।

इसी क्रम में आयोजित प्रबुद्ध जन वर्ग संवाद कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद बलूनी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों के दौरान विकास, सुशासन, गरीब कल्याण, राष्ट्रीय सुरक्षा, डिजिटल क्रांति, महिला सशक्तिकरण, किसान कल्याण तथा सांस्कृतिक पुनर्जागरण के क्षेत्रों में देश द्वारा हासिल की गई उल्लेखनीय उपलब्धियों पर प्रकाश डाला।

उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 तक भारत को विकसित एवं आत्मनिर्भर राष्ट्र बनाने का संकल्प तभी साकार होगा, जब प्रत्येक नागरिक इस राष्ट्रीय अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएगा। कार्यक्रम में उपस्थित प्रबुद्धजनों ने भी विकसित भारत के निर्माण में अपनी सकारात्मक भूमिका निभाने का संकल्प व्यक्त किया।

सांसद बलूनी ने कार्यकर्ताओं और आमजन द्वारा मिले स्नेह, विश्वास और समर्थन के लिए सभी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनता का यह प्रेम उन्हें क्षेत्र के विकास और जनसेवा के लिए निरंतर प्रेरित करता रहेगा।

Share This Post:-

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *