कारोबार

भारत-पाक तनाव के बीच बाजार में मजबूती, सेंसेक्स 80,700 के पार और निफ्टी में भी उछाल

नई दिल्ली। भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़ते सीमा तनाव और वैश्विक अनिश्चितताओं के बीच घरेलू शेयर बाजार गुरुवार, 8 मई को सकारात्मक रुख के साथ खुले। निवेशकों की निगाहें भू-राजनीतिक घटनाक्रमों और अमेरिकी फेडरल रिजर्व की ब्याज दर नीति पर बनी हुई हैं। बावजूद इसके, टाटा मोटर्स जैसे ऑटोमोबाइल शेयरों और बैंकिंग सेक्टर की मजबूती से बाजार को समर्थन मिला।

बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का बेंचमार्क सेंसेक्स पिछले सत्र में 105.71 अंक यानी 0.13 प्रतिशत चढ़कर 80,746.78 अंक पर बंद हुआ। वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का निफ्टी 34.80 अंक यानी 0.14 प्रतिशत की बढ़त के साथ 24,414.40 अंक पर बंद हुआ।

वैश्विक बाजारों का रुख मिला-जुला

एशियाई बाजारों में मिलाजुला रुख देखने को मिला। चीन का सीएसआई 300 इंडेक्स 0.16 प्रतिशत ऊपर रहा, जबकि शंघाई कंपोजिट सूचकांक मामूली 0.01 प्रतिशत की गिरावट में रहा। हांगकांग का हैंग सेंग इंडेक्स 0.45 प्रतिशत टूटा, जबकि जापान का निक्केई सूचकांक 0.07 प्रतिशत और ऑस्ट्रेलिया का एएसएक्स 200 इंडेक्स 0.12 प्रतिशत की बढ़त में रहा।

अमेरिकी बाजारों में एआई सेक्टर के चलते उछाल

बुधवार को अमेरिकी शेयर बाजार भी हरे निशान पर बंद हुए। खासकर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) चिप्स पर संभावित विनियमन में ढील की खबरों से सेमीकंडक्टर शेयरों में तेजी आई। नैस्डैक 0.27 प्रतिशत, एसएंडपी 500 में 0.43 प्रतिशत और डॉव जोन्स इंडस्ट्रियल एवरेज में 0.7 प्रतिशत की बढ़त दर्ज की गई।

भविष्य की दिशा: निगाहें भू-राजनीतिक घटनाओं पर

विश्लेषकों का मानना है कि ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव, वैश्विक ब्याज दरों की नीति और एआई तकनीक को लेकर उठाए जाने वाले नियामकीय कदम आगे चलकर भारतीय शेयर बाजार की दिशा तय करें।

Share This Post:-
Post Views: 36 Views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *