Amar sandesh नई दिल्ली/गुवाहाटी। सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) के प्रति अपनी मजबूत प्रतिबद्धता को आगे बढ़ाते हुए बैंक ऑफ इंडिया ने असम में बाढ़ राहत एवं पुनर्वास कार्यों के लिए मुख्यमंत्री राहत कोष में ₹1.20 करोड़ का योगदान दिया है। बैंक के फील्ड जनरल मैनेजर राजीव कुमार सिंह तथा जोनल मैनेजर ललित कुमार मोहंता ने असम के माननीय मुख्यमंत्री हेमंत बिस्वा सरमा को यह चेक सौंपा।
बैंक ने कहा कि वह आपदा की इस घड़ी में असम की जनता के साथ पूरी मजबूती से खड़ा है और राहत एवं पुनर्वास कार्यों में हरसंभव सहयोग देता रहेगा।
बैंक ऑफ इंडिया केवल बैंकिंग सेवाओं तक ही सीमित नहीं है, बल्कि सामाजिक सरोकारों को भी अपनी प्राथमिकता मानते हुए शिक्षा, स्वास्थ्य, आपदा राहत तथा जरूरतमंद लोगों की सहायता जैसे अनेक जनहितकारी कार्यों में निरंतर योगदान देता रहा है।
बैंक के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी रजनीश कर्नाटक के नेतृत्व में बैंक ने विकास की गति को नई ऊर्जा प्रदान की है। बैंक वित्तीय समावेशन, डिजिटल बैंकिंग, ग्रामीण विकास तथा जनकल्याणकारी योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विकसित भारत–2047’ के संकल्प को साकार करने में भी सक्रिय भूमिका निभा रहा है।
बैंक ऑफ इंडिया का यह योगदान न केवल कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व का उत्कृष्ट उदाहरण है, बल्कि यह संदेश भी देता है कि राष्ट्रीय विकास और संकट की घड़ी में समाज के प्रति संवेदनशीलता ही किसी संस्थान की वास्तविक पहचान होती है।