दिल्लीस्वास्थ्य

योग गुरु श्रीमती काजल चौधरी नेतृत्व में BYC Foundation का निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर, 200 के करीब लोगों ने उठाया लाभ

“समय पर स्वास्थ्य जांच से गंभीर बीमारियों की समय रहते पहचान संभव, स्वस्थ जीवनशैली अपनाएं”– डॉ. रवि आर्या

Amar sandesh नई दिल्ली, 26 जुलाई। समाज के आर्थिक रूप से कमजोर एवं जरूरतमंद लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से BYC Foundation द्वारा आज एक भव्य निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. रवि आर्या के नेतृत्व में आयोजित इस शिविर में करीब 150 से 200 लोगों ने विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया। शिविर में लोगों की आंखों, दांतों, बोन डेंसिटी (Bone Density), ब्लड प्रेशर, ब्लड शुगर, BMI सहित कई महत्वपूर्ण स्वास्थ्य जांच निःशुल्क की गईं,साथ ही स्त्री रोग विशेषज्ञ, फिजिशियन एवं डाइटिशियन ने मरीजों को चिकित्सकीय परामर्श दिया तथा जरूरतमंदों को निःशुल्क दवाइयों का वितरण भी किया गया।

इस अवसर पर डॉ. रवि आर्या ने कहा कि आज की व्यस्त जीवनशैली में अधिकांश लोग नियमित स्वास्थ्य जांच नहीं करा पाते, जिसके कारण कई गंभीर बीमारियों का समय पर पता नहीं चल पाता। उन्होंने कहा, “समय पर स्वास्थ्य जांच से गंभीर बीमारियों की समय रहते पहचान संभव है। नियमित हेल्थ चेकअप, संतुलित आहार, योग और स्वस्थ जीवनशैली अपनाकर अनेक बीमारियों से बचा जा सकता है। प्रत्येक व्यक्ति को वर्ष में कम से कम एक बार संपूर्ण स्वास्थ्य जांच अवश्य करानी चाहिए।

BYC Foundation की अध्यक्ष एवं योग गुरु श्रीमती काजल चौधरी ने कहा कि संस्था का उद्देश्य केवल बीमारियों का उपचार करना नहीं, बल्कि लोगों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाकर एक स्वस्थ और सशक्त समाज का निर्माण करना है। उन्होंने बताया कि BYC Foundation विगत कई वर्षों से योग, स्वास्थ्य जागरूकता, महिला सशक्तिकरण तथा विभिन्न सामाजिक सरोकारों से जुड़े जनहितकारी कार्यक्रमों का आयोजन करती आ रही है। समय-समय पर संस्था द्वारा निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर, योग शिविर, महिला सशक्तिकरण अभियान एवं अन्य सामाजिक गतिविधियों के माध्यम से जरूरतमंद लोगों की सेवा की जाती है।

शिविर में पहुंचे लोगों ने BYC Foundation की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे स्वास्थ्य शिविर समाज के लिए अत्यंत उपयोगी हैं। विशेषज्ञ चिकित्सकों से निःशुल्क परामर्श और जांच की सुविधा मिलने से लोगों को काफी राहत मिली।

कार्यक्रम के अंत में BYC Foundation ने भविष्य में भी समाज के हर वर्ग तक बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने और इसी प्रकार के जनजागरूकता एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रम लगातार आयोजित करने का संकल्प दोहराया।

Share This Post:-

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *