दिल्लीराष्ट्रीय

संगठन से शिखर तक का सफर, भाजपा की दमदार नेत्री लता गुप्ता बनीं दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष

दो बार निगम पार्षद, दिल्ली नगर निगम की पहली महिला स्थायी समिति अध्यक्ष और अब दिल्ली महिला आयोग की कमान; महिला सशक्तिकरण को मिलेगी नई दिशा

अमर चंद्र

नई दिल्ली।भारतीय जनता पार्टी की वरिष्ठ, जुझारू और जनसेवा के प्रति समर्पित महिला नेत्री श्रीमती लता गुप्ता को दिल्ली महिला आयोग का अध्यक्ष नियुक्त किए जाने पर राजनीतिक, सामाजिक और महिला संगठनों में खुशी की लहर है। संगठन में वर्षों की सक्रिय भूमिका, प्रशासनिक अनुभव और महिलाओं के हितों के लिए निरंतर कार्य करने वाली लता गुप्ता की यह नियुक्ति भाजपा नेतृत्व के विश्वास और उनकी कार्यशैली का प्रमाण मानी जा रही है।

श्रीमती लता गुप्ता वर्तमान में दिल्ली प्रदेश भाजपा की उपाध्यक्ष हैं। इससे पहले वे दिल्ली भाजपा महिला मोर्चा की पूर्व महामंत्री तथा शाहदरा जिला भाजपा की पूर्व जिलाध्यक्ष के रूप में संगठन को नई मजबूती दे चुकी हैं। पार्टी की नीतियों और जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुँचाने में उन्होंने हमेशा अग्रणी भूमिका निभाई है।

स्थानीय निकाय राजनीति में भी उनका लंबा और सफल अनुभव रहा है। वे 2007 से 2012 तक शकरपुर वार्ड तथा 2012 से 2017 तक पांडव नगर वार्ड से निगम पार्षद रहीं। अपने कार्यकाल में उन्होंने विकास कार्यों, महिलाओं की सुरक्षा, स्वच्छता, शिक्षा और नागरिक सुविधाओं से जुड़े अनेक मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाया।

इतना ही नहीं, उन्होंने इतिहास रचते हुए दिल्ली नगर निगम की पहली महिला स्थायी समिति (Standing Committee) की अध्यक्ष बनने का गौरव भी हासिल किया‌ इस पद पर रहते हुए उन्होंने पारदर्शी प्रशासन, विकास कार्यों की गति और जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता दी।

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि संगठन और प्रशासन—दोनों क्षेत्रों का उनका व्यापक अनुभव दिल्ली महिला आयोग को अधिक प्रभावी, संवेदनशील और जनोन्मुखी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान, न्याय और आत्मनिर्भरता से जुड़े मुद्दों पर आयोग की सक्रियता बढ़ने की उम्मीद जताई जा रही है।

अपनी नियुक्ति पर लता गुप्ता ने भाजपा के शीर्ष नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह दायित्व उनके लिए सम्मान के साथ-साथ बड़ी जिम्मेदारी भी है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि दिल्ली की हर महिला को न्याय दिलाने, उनकी समस्याओं को प्राथमिकता से सुनने और महिला सशक्तिकरण को नई गति देने के लिए वे पूरी निष्ठा और ईमानदारी से कार्य करेंगी।

भाजपा कार्यकर्ताओं में महेंद्र शर्मा और समर्थकों ने इसे पार्टी में वर्षों की मेहनत, समर्पण और जनसेवा का सम्मान बताते हुए कहा कि लता गुप्ता के नेतृत्व में दिल्ली महिला आयोग महिलाओं के अधिकारों की रक्षा और उनके सशक्तिकरण की दिशा में नई मिसाल कायम करेगा। उनके नियुक्त होने से महिलाओं में भी नई उम्मीद जगी है कि आयोग और अधिक सक्रिय तथा प्रभावी भूमिका निभाएगा‌।

Share This Post:-

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *