दिल्लीराष्ट्रीय

भारत कुशल जनशक्ति के वैश्विक केंद्र के रूप में उभर सकता है—-प्रधान

17वां प्रवासी भारतीय दिवस सम्मेलन 08-10 जनवरी 2023 तक इंदौर में मध्य प्रदेश सरकार के सहयोग से आयोजित किया जा रहा है।

केंद्रीय शिक्षा और कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्री श्री धर्मेंद्र प्रधान ने आज 17वें प्रवासी भारतीय दिवस 2023 में ‘भारतीय कार्यबल की वैश्विक गतिशीलता को सक्षम करना – भारतीय डायस्पोरा की भूमिका’ विषय पर पूर्ण अधिवेशन को संबोधित किया।

अपने संबोधन में श्री प्रधान ने कहा कि हमारे प्रवासी भारत की सभ्यता का अभिन्न अंग हैं और उन्होंने उसकी महान यात्रा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने भारत के कार्यबल के सामर्थ्‍य और गतिशीलता को बढ़ाने तथा मानवता की सेवा के लिए एक नए भारतीय मॉडल का निर्माण करने में प्रवासी भारतीयों की भूमिका के बारे में चर्चा की।

एनईपी 2020 और नए कौशल दृष्टिकोण के बारे में चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि हम एक ऐसे लचीले मॉडल की परिकल्पना कर रहे हैं, जो दक्षताओं के निर्माण पर ध्यान केंद्रित करते हुए अनेक प्रवेश-निकास और कौशल विकास मार्गों से युक्‍त है। उन्होंने कहा कि भारतीय कार्यबल परिश्रमी, ईमानदार और जिम्मेदार है। भारत कुशल जनशक्ति के वैश्विक केंद्र के रूप में उभर सकता है।

उन्होंने कहा कि प्रौद्योगिकी नए अवसरों का सृजन कर रही है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्‍द्र मोदी को ऊर्जावान प्रवासी भारतीयों से बहुत आशाएं हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि हमारे 32 मिलियन सशक्‍त प्रवासी भारतीय वैश्विक कुटुम्‍ब की सेवा करने हेतु भारत के सामर्थ्‍य को मजबूत बनाने के लिए अपनी विशेषज्ञता और अनुभवों का उपयोग करेंगे।

बाद में, श्री प्रधान ने मॉरीशस और कुवैत के जोशपूर्ण भारतीय प्रवासियों के साथ बातचीत की। उन्होंने युवाओं को भारतीय संस्कृति, आध्यात्मिकता और विरासत के बारे में शिक्षित करने के उनके सुझावों की सराहना की। श्री प्रधान ने बताया कि एनईपी 2020 आधुनिक दृष्टिकोण सहित भारतीयता पर आधारित शिक्षा पर ध्‍यान केंद्रित करती है।

प्रवासी भारतीय दिवस (पीबीडी) सम्मेलन भारत सरकार का प्रमुख कार्यक्रम है। यह प्रवासी भारतीयों के साथ जुड़ने और संपर्क कायम करने तथा प्रवासियों को एक-दूसरे के साथ बातचीत करने में सक्षम बनाने का एक महत्वपूर्ण मंच प्रदान करता है। 17वां प्रवासी भारतीय दिवस सम्मेलन इंदौर में 08-10 जनवरी 2023 तक मध्य प्रदेश सरकार के सहयोग से आयोजित किया जा रहा है। इस पीबीडी सम्मेलन का विषय “प्रवासी: अमृत काल में भारत की प्रगति के विश्वसनीय भागीदार” है। प्रवासी भारतीय दिवस सम्मेलन के लिए लगभग 70 देशों के 3,500 से अधिक प्रवासी सदस्यों ने पंजीकरण कराया है।

Share This Post:-

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *