गोवाराष्ट्रीय

भारतीय तटरक्षक बल के 43वें कमांडर्स सम्मेलन में समुद्री सुरक्षा पर मंथन

नई दिल्ली में तीन दिवसीय सम्मेलन शुरू, रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने वरिष्ठ कमांडरों से की बातचीत

 

Amar sandesh नई दिल्ली, 17 सितंबर। भारतीय तटरक्षक बल (ICG) का 43वां कमांडर्स सम्मेलन गुरुवार से नई दिल्ली स्थित तटरक्षक मुख्यालय में शुरू हुआ। 17 से 19 सितंबर तक चलने वाले इस तीन दिवसीय सम्मेलन में तटरक्षक बल के वरिष्ठ कमांडर रणनीतिक, परिचालन और प्रशासनिक विषयों पर व्यापक विचार-विमर्श करेंगे। बदलते भू-राजनीतिक परिदृश्य और समुद्री सुरक्षा की बढ़ती जटिलताओं के बीच आयोजित यह सम्मेलन भारतीय तटरक्षक बल की भविष्य की कार्ययोजना तय करने की दिशा में महत्वपूर्ण मंच है।

सम्मेलन के पहले दिन रक्षा राज्य मंत्री श्री संजय सेठ ने कमांडर्स सम्मेलन को संबोधित किया। उन्होंने भारतीय तटरक्षक बल के महानिदेशक परमेश शिवमणि, एवीएसएम, पीटीएम, टीएम तथा वरिष्ठ तटरक्षक कमांडरों के साथ राष्ट्रीय एवं समुद्री सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की।

सम्मेलन के दौरान भारतीय तटरक्षक बल के कमांडर चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (CDS) और चीफ ऑफ द नेवल स्टाफ (CNS) के साथ भी संवाद करेंगे। इसका उद्देश्य समुद्री सुरक्षा के व्यापक क्षेत्र में विभिन्न सेवाओं के बीच बेहतर समन्वय और सहयोग को मजबूत करना है। साथ ही तटरक्षक बल की क्षमता विकास, बुनियादी ढांचे के विस्तार और संगठनात्मक मजबूती से जुड़े विषयों पर भी चर्चा होगी।

तीन दिवसीय सम्मेलन में पिछले एक वर्ष के दौरान तटरक्षक बल की परिचालन तैयारियों, सामग्री एवं लॉजिस्टिक सहयोग, मानव संसाधन विकास, प्रशिक्षण तथा प्रशासनिक पहलों की विस्तृत समीक्षा की जाएगी। वरिष्ठ कमांडर देश के समुद्री हितों की सुरक्षा के लिए आवश्यक महत्वपूर्ण लक्ष्यों और आगामी प्राथमिकताओं पर भी विचार करेंगे।

सम्मेलन में ‘मेक इन इंडिया’ के तहत स्वदेशीकरण को बढ़ावा देने वाली भारतीय तटरक्षक बल की चल रही परियोजनाओं की भी समीक्षा की जाएगी। ये प्रयास केंद्र सरकार के आत्मनिर्भर भारत के विजन के अनुरूप तटरक्षक बल की स्वदेशी क्षमता को मजबूत करने पर केंद्रित हैं।

भारतीय तटरक्षक बल के लिए कमांडर्स सम्मेलन रणनीतिक दिशा तय करने का एक महत्वपूर्ण मंच है। सम्मेलन के माध्यम से देश के समुद्री हितों की सुरक्षा के प्रति तटरक्षक बल की प्रतिबद्धता को दोहराया गया है। भारतीय तटरक्षक बल देश की समुद्री सीमाओं के प्रहरी के रूप में अपनी भूमिका को और मजबूत करने की दिशा में लगातार कार्य कर रहा है।

Share This Post:-

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *