Views: 0
सांसद मनोज तिवारी ने किया सम्मानित, पुस्तक ‘जीवन के दो छोर’ का हुआ विमोचन
अर्चना सिंह
नई दिल्ली। दिल्ली के कांस्टीट्यूशन क्लब स्थित स्पीकर हॉल में हास्य-व्यंग्य के सुविख्यात कवि डॉ. प्रवीण शुक्ल के 55वें जन्मदिवस के अवसर पर भव्य साहित्यिक समारोह का आयोजन किया गया। डायमंड बुक्स एवं साहित्यिक संस्था ‘सोच’ के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित समारोह में सांसद मनोज तिवारी ने डॉ. प्रवीण शुक्ल को उनके साहित्यिक योगदान के लिए ‘साहित्य साधक सम्मान’ से सम्मानित किया। इस अवसर पर डायमंड बुक्स द्वारा प्रकाशित उनकी पुस्तक ‘जीवन के दो छोर’ का लोकार्पण भी किया गया।
समारोह को संबोधित करते हुए सांसद मनोज तिवारी ने कहा कि डॉ. प्रवीण शुक्ल ने साहित्य की विभिन्न विधाओं में उल्लेखनीय कार्य किया है। उनकी रचनात्मकता और साहित्य के प्रति समर्पण उन्हें वर्तमान दौर के रचनाकारों में विशिष्ट पहचान दिलाता है।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में पद्मश्री हास्य कवि सुरेंद्र शर्मा एवं पद्मश्री डॉ. अशोक चक्रधर उपस्थित रहे। सुरेंद्र शर्मा ने डॉ. प्रवीण शुक्ल की साहित्यिक उपलब्धियों की सराहना करते हुए उन्हें वर्तमान समय का सर्वाधिक सक्रिय रचनाकार बताया। वहीं डॉ. अशोक चक्रधर ने कहा कि प्रवीण शुक्ल ने निरंतर सृजन और अपनी रचनात्मक प्रतिभा के बल पर साहित्य जगत में विशिष्ट स्थान बनाया है।
समारोह की अध्यक्षता वरिष्ठ ग़ज़लकार मंगल नसीम ने की। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि प्रवीण शुक्ल उनकी आंखों में पलने वाले सपनों को साकार करने की क्षमता रखते हैं। वरिष्ठ कवयित्री डॉ. कीर्ति काले ने लोकार्पित पुस्तक ‘जीवन के दो छोर’ की साहित्यिक विवेचना प्रस्तुत की, जबकि सुविख्यात कवयित्री डॉ. सरिता शर्मा ने डॉ. शुक्ल की जीवन यात्रा और साहित्यिक उपलब्धियों पर प्रकाश डाला।
वैश्विक हिंदी परिवार के अध्यक्ष अनिल जोशी ने कहा कि प्रवीण शुक्ल की काव्य यात्रा ने साहित्य की विविध विधाओं को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का कार्य किया है। ओजस्वी कवि विनीत चौहान ने उन्हें वर्तमान दौर का प्रतिभासंपन्न रचनाकार बताते हुए उनके साहित्यिक सफर की सराहना की। साहित्य प्रेमी मंडल के उपाध्यक्ष राजेश कुमार एवं कोषाध्यक्ष निर्दोष शर्मा ने भी उनके व्यक्तित्व और कृतित्व पर अपने विचार रखे।
इस अवसर पर डायमंड बुक्स के चेयरमैन मनीष वर्मा ने अतिथियों का स्वागत करते हुए प्रकाशन संस्थान के साथ डॉ. प्रवीण शुक्ल के लंबे जुड़ाव और साहित्यिक सहयोग का उल्लेख किया। सोच संस्था के अध्यक्ष विनयशील चतुर्वेदी ने कार्यक्रम का प्रारंभिक संचालन करते हुए पुस्तक की विशेषताओं पर चर्चा की। सुप्रसिद्ध गायक दीपेंद्र दीपक ने डॉ. शुक्ल की कविताओं की संगीतमय प्रस्तुति देकर समारोह को यादगार बनाया।
कार्यक्रम का प्रभावशाली संचालन कवयित्री एवं अभिनेत्री अल्पना सुहासिनी ने किया। समारोह में यमुना विहार विभाग के संघ चालक अरुण शर्मा, हिंदी भवन गाजियाबाद के अध्यक्ष ललित जायसवाल, वरिष्ठ भाजपा नेता पृथ्वी सिंह कसाना, सुविख्यात ग़ज़लकार राज कौशिक, वरिष्ठ पत्रकार सलामत मियां, अनिमेश शर्मा एवं शैलेंद्र कुमार सहित साहित्य, शिक्षा, समाज और विभिन्न क्षेत्रों की अनेक प्रतिष्ठित हस्तियां मौजूद रहीं।
समारोह में उपस्थित अतिथियों ने डॉ. प्रवीण शुक्ल को जन्मदिवस, साहित्य साधक सम्मान एवं पुस्तक लोकार्पण के लिए शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल साहित्यिक भविष्य की कामना की।
Related