दिल्लीराष्ट्रीय

एलिम्को को आईईआई इंडस्ट्री एक्सीलेंस अवॉर्ड-2026 का गोल्ड सम्मान

इंजीनियरिंग मैन्युफैक्चरिंग एंड प्रोसेसिंग श्रेणी में मिली राष्ट्रीय स्तर की पहचान

Amar sandesh नई दिल्ली। कानपुर स्थित भारतीय कृत्रिम अंग निर्माण निगम (एलिम्को) ने इंजीनियरिंग एवं विनिर्माण के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करते हुए द इंस्टीट्यूशन ऑफ इंजीनियर्स (इंडिया) (आईईआई) इंडस्ट्री एक्सीलेंस अवॉर्ड-2026 में गोल्ड सम्मान प्राप्त किया है। एलिम्को को यह पुरस्कार इंजीनियरिंग मैन्युफैक्चरिंग एंड प्रोसेसिंग श्रेणी में प्रदान किया गया।

19 सितंबर 2026 को नई दिल्ली स्थित स्कोप कन्वेंशन सेंटर में आयोजित पुरस्कार समारोह में मिजोरम के राज्यपाल एवं जनरल (सेवानिवृत्त) डॉ. वी.के. सिंह ने एलिम्को के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक श्री प्रवीण कुमार को यह सम्मान प्रदान किया।

इस अवसर पर एलिम्को के सीएमडी श्री प्रवीण कुमार ने कहा कि यह सम्मान एलिम्को की पूरी टीम के सामूहिक प्रयासों की पहचान है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि निगम को अपनी विनिर्माण क्षमताओं को और मजबूत करने, आधुनिक तकनीकों को अपनाने तथा दिव्यांगजनों एवं वरिष्ठ नागरिकों के लिए गुणवत्तापूर्ण सहायक समाधान विकसित करने के लिए प्रेरित करेगी।

एलिम्को को यह प्रतिष्ठित सम्मान इंजीनियरिंग उत्कृष्टता, आधुनिक विनिर्माण तकनीकों और स्वदेशी नवाचार के क्षेत्र में किए जा रहे निरंतर प्रयासों के लिए मिला है। कानपुर मुख्यालय वाली एलिम्को देशभर में दिव्यांगजनों एवं वरिष्ठ नागरिकों के लिए सहायक उपकरणों के निर्माण और उनकी उपलब्धता सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।

गौरतलब है कि द इंस्टीट्यूशन ऑफ इंजीनियर्स (इंडिया) द्वारा वर्ष 2008 में स्थापित आईईआई इंडस्ट्री एक्सीलेंस अवॉर्ड उद्योगों में नवाचार, इंजीनियरिंग संचालन में उत्कृष्टता और प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता को बढ़ावा देने वाले संगठनों को सम्मानित करता है।

इंजीनियरिंग मैन्युफैक्चरिंग एंड प्रोसेसिंग श्रेणी में एलिम्को को मिला गोल्ड सम्मान उसकी इंजीनियरिंग एवं विनिर्माण क्षमताओं की महत्वपूर्ण राष्ट्रीय पहचान के रूप में देखा जा रहा है। यह उपलब्धि न केवल एलिम्को की तकनीकी क्षमता को रेखांकित करती है, बल्कि कानपुर की औद्योगिक पहचान और सहायक प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में शहर से हो रहे महत्वपूर्ण कार्यों को भी राष्ट्रीय स्तर पर सामने लाती है।

Share This Post:-

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *