Amar sandesh नई दिल्ली। श्याम लाल कॉलेज (सांध्य) में 135वीं अम्बेडकर जयंती के उपलक्ष्य में अम्बेडकर स्टडी सर्किल द्वारा एक विशेष व्याख्यान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भारतीय लोक प्रशासन संस्थान की पूर्व चेयरपर्सन प्रो. सुषमा यादव उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम की शुरुआत कॉलेज के प्राचार्य प्रो. नचिकेता सिंह द्वारा मुख्य अतिथि के स्वागत से हुई। अपने संबोधन में उन्होंने बाबा साहब डॉ. भीमराव अम्बेडकर को राष्ट्र का प्रतीक बताते हुए उन्हें समानता और सामाजिक न्याय का उद्घोषक बताया।
मुख्य अतिथि प्रो. सुषमा यादव ने अपने व्याख्यान में डॉ. अम्बेडकर के ऐतिहासिक योगदान को विस्तार से रेखांकित करते हुए कहा कि “भारत तभी महान बन सकता है, जब यहां के प्रत्येक नागरिक को स्वतंत्र और सम्मानजनक जीवन जीने का अधिकार मिले।” उन्होंने कहा कि भारतीय समाज को लोकतांत्रिक, समरस और मानवीय बनाने के लिए अम्बेडकर ने जीवनभर संघर्ष किया।
कार्यक्रम के संयोजक एवं अम्बेडकर स्टडी सर्किल के समन्वयक डॉ. मनोज कुमार सिंह ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन सोनाक्षी और यशस्वी ने किया।
अम्बेडकर जयंती के अवसर पर कॉलेज में पोस्टर प्रदर्शनी, नृत्य-संगीत, रंगोली तथा अम्बेडकर के जीवन-दर्शन पर आधारित नाट्य प्रस्तुति का भी आयोजन किया गया। इस दौरान अम्बेडकर स्टडी सर्किल के पदाधिकारियों को ट्रॉफी एवं प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में शिक्षक, विद्यार्थी और कर्मचारी उपस्थित रहे, जिससे आयोजन गरिमामय और सफल रहा।