Uncategorized

एअर इंडिया की सेवाओं को बड़ा झटका: तकनीकी कारणों से सात अंतरराष्ट्रीय उड़ानें रद्द, यात्रियों को झेलनी पड़ी परेशानी

 दिल्ली। मंगलवार का दिन एअर इंडिया के लिए कई मोर्चों पर चुनौतीपूर्ण साबित हुआ। तकनीकी कारणों और नियामक एजेंसी डीजीसीए द्वारा ड्रीमलाइनर विमानों की अतिरिक्त जांच के आदेशों के चलते एअर इंडिया को सात अंतरराष्ट्रीय उड़ानें रद्द करनी पड़ीं। इनमें से छह उड़ानें बोइंग 787-8 ड्रीमलाइनर से जुड़ी थीं, जबकि एक उड़ान विमान की अनुपलब्धता के चलते रद्द की गई।

12 जून को अहमदाबाद से लंदन जा रहे एक ड्रीमलाइनर विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद सुरक्षा मानकों को लेकर सख्ती बढ़ाई गई है। इस दुर्घटना में 280 लोगों की मृत्यु हो गई थी, जिसके बाद ड्रीमलाइनर फ्लीट की अतिरिक्त जांच का आदेश जारी किया गया।

रद्द की गई प्रमुख उड़ानें:

AI153 – दिल्ली से विएना – बोइंग 787-8 ड्रीमलाइनर

AI915 – दिल्ली से दुबई – बोइंग 788 ड्रीमलाइनर

AI159 – अहमदाबाद से लंदन – बोइंग 787-8 ड्रीमलाइनर

AI143 – दिल्ली से पेरिस – बोइंग 787-8 ड्रीमलाइनर

AI133 – बंगलूरू से लंदन – बोइंग 787-8 ड्रीमलाइनर

AI170 – लंदन से अमृतसर – बोइंग 787-8 ड्रीमलाइनर

AI179 – मुंबई से सैन फ्रांसिस्को – बोइंग 777

एअर इंडिया के आधिकारिक बयान के अनुसार, अहमदाबाद से लंदन गेटविक के लिए उड़ान को विमान की अनुपलब्धता, हवाई क्षेत्र प्रतिबंध और अतिरिक्त सुरक्षा जांच के कारण रद्द किया गया है। कंपनी ने स्पष्ट किया कि यह फैसला किसी तत्काल तकनीकी खराबी के कारण नहीं लिया गया। यात्रियों को होटल में ठहराने, रिफंड व फ्री री-बुकिंग जैसी सुविधाएं दी जा रही हैं।

AI143 (दिल्ली-पेरिस) उड़ान को तकनीकी गड़बड़ी के कारण रद्द करना पड़ा, वहीं पेरिस से वापसी करने वाली AI142 उड़ान भी आज नहीं उड़ सकी। एयरलाइन ने खेद व्यक्त करते हुए वैकल्पिक यात्रा व्यवस्था की बात कही है।

सैन फ्रांसिस्को-मुंबई उड़ान को कोलकाता में रोका गया:

AI180 उड़ान, जो आमतौर पर सीधे मुंबई जाती है, उसे पाकिस्तान का हवाई क्षेत्र बंद होने के चलते कोलकाता में तकनीकी स्टॉप देना पड़ा। कोलकाता एयरपोर्ट पर की गई जांच में एक तकनीकी खामी सामने आई, जिसके बाद उड़ान को वहीं रोक दिया गया। यात्रियों को अस्थायी रूप से होटल में ठहराया गया, हालांकि इस दौरान हवाई अड्डे पर असंतोष और हंगामे की स्थिति भी देखी गई।

Share This Post:-

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *