Post Views: 0
रोटरी क्लब जयपुर मिडटाउन को मिला नया नेतृत्व, रानू श्रीवास्तव ने अध्यक्ष और योगेश बंसल ने सचिव पद संभाला
Amar sandesh दिल्ली/जयपुर। रोटरी इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3056 के अंतर्गत रोटरी क्लब जयपुर मिडटाउन के रोटरी वर्ष 2026–27 के लिए नए नेतृत्व का विधिवत पदस्थापन समारोह रविवार शाम होटल हॉलिडे इन, 22 गोदाम, जयपुर में गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। समारोह में रोटे. रानू श्रीवास्तव ने क्लब के अध्यक्ष तथा रोटे. योगेश बंसल ने सचिव पद की जिम्मेदारी औपचारिक रूप से संभाली। इस अवसर पर नवगठित निदेशक मंडल ने भी पद एवं गोपनीयता की शपथ लेकर अपने दायित्व ग्रहण किए।
समारोह के मुख्य अतिथि रोटे. दीपक सुखाड़िया (डिस्ट्रिक्ट गवर्नर इलेक्ट, RID 3056) रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में पीडीजी रोटे. अजय काला (डिस्ट्रिक्ट लर्निंग फैसिलिटेटर) उपस्थित रहे, जबकि रोटे. मेजर जनरल डॉ. अनुज माथुर, एडवाइज़र, डिस्ट्रिक्ट एडवाइजरी काउंसिल (RID 3056) ने इंस्टॉलेशन ऑफिसर के रूप में पदस्थापन की औपचारिक प्रक्रिया संपन्न कराई।
यह अवसर रोटरी वर्ष 2025–26 के अध्यक्ष रोटे. तनुजा अग्रवाल और सचिव रोटे. डॉ. आदित्य नाग के सफल कार्यकाल की पूर्णाहुति का भी साक्षी बना। उनके नेतृत्व में क्लब ने शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण, युवा सशक्तिकरण, सामुदायिक कल्याण और मानवीय सेवा के क्षेत्रों में अनेक प्रभावशाली जनहितकारी परियोजनाओं का सफल संचालन किया, जिसकी समारोह में उपस्थित अतिथियों ने मुक्त कंठ से सराहना की।
समारोह के दौरान रोटे. डॉ. आदित्य नाग को रोटरी वर्ष 2026–27 के लिए क्लब का वाइस प्रेसिडेंट-1 नियुक्त किया गया। साथ ही उन्हें वर्ष 2028–29 के लिए प्रेसिडेंट नॉमिनी घोषित किया गया, जिसे क्लब के लिए महत्वपूर्ण जिम्मेदारी के रूप में देखा जा रहा है।
नवनियुक्त अध्यक्ष रोटे. रानू श्रीवास्तव ने अपने संबोधन में कहा कि रोटरी के अंतरराष्ट्रीय संदेश “Create Lasting Impact” की भावना को आत्मसात करते हुए क्लब समाजहित की सेवा परियोजनाओं को और अधिक प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाएगा। उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यावरण, महिला एवं युवा सशक्तिकरण सहित विभिन्न क्षेत्रों में सेवा कार्यों को नई गति देने का संकल्प व्यक्त किया।
समारोह में डिस्ट्रिक्ट के वरिष्ठ रोटेरियन, विभिन्न रोटरी क्लबों के पदाधिकारी, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक तथा अनेक विशिष्ट अतिथि बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। पूरे आयोजन में सेवा, समर्पण और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना स्पष्ट रूप से दिखाई दी तथा नए नेतृत्व का सभी ने गर्मजोशी से स्वागत किया।
Related