उत्तराखण्डदिल्ली

“तीर्थ यात्रियों को नहीं होगी गैस की कमी, केंद्र-राज्य में बना तालमेल”

चारधाम यात्रा के लिए एलपीजी आपूर्ति पर मुख्यमंत्री धामी सक्रिय, केंद्र से 100% सप्लाई बनाए रखने की मांग

Amar sandesh नई दिल्ली।उत्तराखण्ड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चारधाम यात्रा की तैयारियों को लेकर केंद्र सरकार के समक्ष बड़ा मुद्दा उठाया है। नई दिल्ली स्थित कर्तव्य भवन में केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी से मुलाकात के दौरान उन्होंने राज्य में व्यावसायिक एलपीजी सिलेंडरों की आपूर्ति को 100 प्रतिशत बनाए रखने का आग्रह किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अप्रैल से नवंबर तक चलने वाली चारधाम यात्रा के दौरान लाखों श्रद्धालु उत्तराखण्ड पहुंचते हैं, जिससे होटलों, ढाबों और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में एलपीजी की मांग तेजी से बढ़ जाती है। इस अवधि में राज्य को लगभग 9.67 लाख व्यावसायिक सिलेंडरों की आवश्यकता होती है।
धामी ने मानसून सीजन (जून से सितंबर) के दौरान राज्य की आपदा संवेदनशीलता का जिक्र करते हुए कहा कि पहाड़ी क्षेत्रों में राहत और बचाव कार्यों में गैस की अहम भूमिका होती है। ऐसे में उन्होंने अतिरिक्त 5 प्रतिशत यानी करीब 48 हजार सिलेंडरों का विशेष आवंटन भी सुनिश्चित करने की मांग रखी।
मुख्यमंत्री ने यह भी स्पष्ट किया कि उत्तराखण्ड की अर्थव्यवस्था मुख्य रूप से पर्यटन पर आधारित है, जिसमें धार्मिक और साहसिक पर्यटन की बड़ी भूमिका है। चारधाम यात्रा न केवल आस्था का केंद्र है, बल्कि राज्य की आर्थिक रीढ़ भी है।
केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के प्रस्तावों पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया और कहा कि केंद्र सरकार राज्य के हितों के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

Share This Post:-
Post Views: 45 Views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *