Post Views: 0
रिपोर्ट: जगमोहन डांगी
पौड़ी/नई दिल्ली। पहाड़ की धरती से निकले जांबाज पुलिस अधिकारी एसीपी ट्रैफिक संजय असवाल ने अपनी सूझबूझ और त्वरित कार्रवाई से एक बार फिर मानवता और कर्तव्यनिष्ठा की मिसाल पेश की है। आईपीएल मैच के दौरान घायल हुए एक विदेशी खिलाड़ी को मात्र 11 मिनट में अस्पताल पहुंचाकर उन्होंने समय पर उपचार सुनिश्चित किया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिल्ली और पंजाब के बीच खेले जा रहे आईपीएल मुकाबले के दौरान दक्षिण अफ्रीका के तेज गेंदबाज लुंगी एनगिडी के सिर पर गंभीर चोट लग गई। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए उन्हें तत्काल राजेंद्र नगर स्थित बीएलके मैक्स अस्पताल ले जाने का निर्णय लिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही सेंट्रल रेंज में तैनात एसीपी ट्रैफिक संजय असवाल ने तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम से समन्वय स्थापित किया। उनके निर्देश पर ट्रैफिक पुलिस टीम ने फौरन सक्रियता दिखाते हुए एंबुलेंस के लिए ग्रीन कॉरिडोर तैयार किया। दिल्ली की व्यस्त सड़कों के बीच यातायात को नियंत्रित कर एंबुलेंस को बिना किसी बाधा के तेजी से अस्पताल पहुंचाया गया।
एंबुलेंस महज 11 मिनट में अस्पताल पहुंच गई, जिससे खिलाड़ी को समय पर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध हो सकी। इस त्वरित कार्रवाई की हर ओर सराहना हो रही है।
मूल रूप से पौड़ी गढ़वाल के पट्टी मनियारस्यूं, ग्राम थापला निवासी संजय असवाल की प्रारंभिक शिक्षा राइका कांसखेत विद्यालय से हुई है। एक दक्ष पुलिस अधिकारी होने के साथ-साथ वे रंगकर्मी भी हैं।
एसीपी असवाल के इस सराहनीय कार्य ने न केवल मानवता का परिचय दिया है, बल्कि जनपद पौड़ी गढ़वाल का नाम भी गौरवान्वित किया है। सोशल मीडिया पर भी उनके इस कार्य की जमकर प्रशंसा की जा रही है। ऐसे जांबाज अधिकारी को सलाम।
Like this:
Like Loading...
Related