दिल्लीराज्यराष्ट्रीय

पदाधिकारियों व कार्यकर्ता जनता से सीधा संपर्क में आकर उनके दुख सुख में खड़े रहे—-जेपी नड्डा

दिल्ली। पार्टी मुख्यालय में चल रही भारतीय जनता पार्टी की दो दिवसीय राष्ट्रीय पदाधिकारियों की बैठक का आज शाम पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री जगत प्रकाश नड्डा के संबोधन के साथ संपन्न हुआ। यह बैठक कल सोमवार को प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के उद्बोधन और दिशानिर्देश के साथ शुरू हुई थी। प्रधानमंत्री के दिशानिर्देश के आलोक में और राष्ट्रीय अध्यक्ष की अध्यक्षता में इस बैठक में हर बूथ पर भाजपा को मजबूत बनाने के लिए कई कार्यक्रमों की रचना की गई तथा पहले से चल रहे बूथ सशक्तिकरण एवं पार्टी के अन्य कार्यक्रमों की गहन समीक्षा भी की गई। भाजपा की राष्ट्रीय पदाधिकारी बैठक में प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री जगत प्रकाश नड्डा सहित पार्टी के सभी राष्ट्रीय पदाधिकारियों के अलावा सभी राज्यों के प्रभारी और सह प्रभारी, विभिन्न मोर्चां के प्रभारी, प्रदेश अध्यक्ष, प्रदेशों के संगठन महामंत्री भी शामिल हुए। भाजपा की राष्ट्रीय पदाधिकारी बैठक में अगले साल हो रहे कई राज्यों के विधान सभा चुनावों पर भी गहन मंथन हुआ और प्रदेशों से इसके लिए फीडबैक लिए गए।

भाजपा की राष्ट्रीय पदाधिकारी बैठक के समापन सत्र को संबोधित करते हुए जगत प्रकाश नड्डा ने पार्टी पदाधिकारियों और भाजपा की सभी प्रदेश इकाइयों से ‘घर – घर’ संपर्क करने का आह्वान किया। घर घर संपर्क करने का मतलब समझाते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं को हर घर के साथ भावनात्मक संबंध स्थापित करने पर बल देना चाहिए। हमें घर-घर जाकर केवल भाजपा का पर्चा पकड़ाना नहीं है बल्कि उनके साथ चर्चा भी करनी है, उनकी समस्याओं को समझना भी है और उसके स्थायी निदान की दिशा में हमें सहयोग भी करना है। श्री नड्डा ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं को ‘घर घर अभियान के माध्यम से हर घर से सीधा सरोकार स्थापित करना चाहिए ताकि वे उस घर के उस सदस्य की तरह दिखें जो मुश्किल से मुश्किल वक्त में भी उनके साथ खड़ा हो। हमें लोगों के दुःख-दर्द में शामिल होना चाहिए और उन्हें अपनेपन का बोध कराना चाहिए। इससे हमें न केवल लोगों की समस्याओं को बहुत आत्मीय रूप से समझने का अवसर मिलेगा बल्कि जनता के साथ भाजपा के आपसी संबंधों को भी एक नई मजबूती मिलेगी।

दो दिन चल पार्टी के राष्ट्रीय पदाधिकारियों की महत्वपूर्ण बैठक में 2023 में देश के विभिन्न राज्यों में होने वाले विधान सभा चुनाव पर राज्य इकाई के साथ गहन चर्चा की गई। इन राज्यों में पार्टी की सांगठनिक मजबूती, बूथ और मंडल स्तर के कार्यक्रम, जनता से जुड़ाव के पार्टी के अभियान, सदस्यता अभियान और चुनौतियों की गहन समीक्षा भी की गई। इस बाबत इन प्रदेशों के अध्यक्षों, प्रदेश प्रभारियों एवं प्रदेश के संगठन महामंत्रियों के साथ गहन विचार-विमर्श किया गया तथा आगे की योजनायें बनाई गई कि पार्टी किस रणनीति के तहत इन प्रदेशों में आगे बढ़े और अपने आगामी कार्यक्रमों की रचना करे। इस संदर्भ में संबंधित राज्य इकाइयों ने राष्ट्रीय अध्यक्ष के समक्ष अपना प्रेजेंटेशन भी दिया। इसके बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष द्वारा संबंधित राज्य इकाइयों को चुनाव की तैयारियों के लिए कुछ विशेष सुझाव भी दिए गए।

इस बैठक में सभी राज्य इकाइयों को अगले एक सप्ताह में प्रदेश कार्यकारिणी बैठक कराने हेतु दिशानिर्देश दिया गया। साथ ही राज्यों से यह भी कहा गया कि प्रदेश कार्यकारिणी बैठक की तर्ज पर जिला कार्यकारिणी की बैठकें भी जल्द से जल्द बुलाई जानी चाहिए ताकि पार्टी का सांगठनिक कार्यक्रम मजबूती से चलता रहे।

भाजपा की राष्ट्रीय पदाधिकारी बैठक में मेरा बूथ, सबसे मजबूत, सशक्त मंडल, पन्ना समितियों के गठन, लोकसभा प्रवास कार्यक्रम, बूथ स्तर पर प्रधानमंत्री मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम सुनने, सोशल मीडिया पर सक्रियता, जिलों में पार्टी कार्यालयों के निर्माण की प्रगति, विभिन्न मोर्चों की गतिविधियां और भाजपा की सदस्यता से जुड़े आंकड़ों का प्रभावी उपयोग पर भी चर्चा हुई। लोक सभा प्रवास और केंद्रीय नेताओं के प्रवास तथा प्रवास के दौरान के कार्यक्रमों की विस्तृत रूपरेखा भी तय की गई ताकि इस प्रवास का संगठन की दृष्टि से पार्टी को व्यापक लाभ मिल सके। कार्यक्रम में ‘मन की बात’ का विशेष रूप से उल्लेख किया गया और बताया गया कि हम किस तरह आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के लोकप्रिय गैर-राजनीतिक कार्यक्रम ‘मन की बात’ का उपयोग पार्टी सामाजिक संबंध, बुद्धिजीवियों के साथ संबंध और समाज के विशिष्ट जनों के साथ संबंध स्थापित करने में कर सकती है। बैठक में Modi @20 के कार्यक्रमों, मोदी स्टोरी, सरल पोर्टल, संगठनात्मक बैठकों की रूप रेखा पर चर्चा के साथ-साथ बूथ सशक्तिकरण पर विशेष रूप से जोर दिया गया।

पार्टी के केंद्रीय कार्यालय में दो चले इस महत्वपूर्ण बैठक में आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में भारत को मिली G-20 की अध्यक्षता पर भी विशेष चर्चा हुई। बैठक में इस बात को लेकर काफी उत्साह दिखा कि आदरणीय प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में बीते 8 साल में वैश्विक परिदृश्य पर भारत तेजी से उभरा है और भारत की वैश्विक भूमिका भी बढ़ी है। खासकर, बीते दो महीने में भारत के पास कई अहम मंचों का नेतृत्व करने का अवसर आया है। संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (यूएनएससी) और शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) के बाद भारत को इसी महीने जी-20 का नेतृत्व करने का ऐतिहासिक अवसर मिला है। यह दर्शाता है कि किस तरह विश्व पटल पर भारत की साख और धाक, दोनों बढ़ रही है। बैठक में इस बात पर जोर दिया गया कि भारत की इस वैश्विक उपलब्धि और देश मिले इस गौरव से भी जनता को परिचित कराना चाहिए।

भाजपा की राष्ट्रीय पदाधिकारी बैठक केंद्र की श्री नरेन्द्र मोदी सरकार एवं भाजपा की राज्य सरकारों से लाभान्वित हुए लाभार्थियों के साध सीधा सम्पर्क स्थापित करने पर भी बल दिया गया। माननीय राष्ट्रीय अध्यक्ष ने पार्टी पदाधिकारियों का आह्वान करते हुए कहा कि आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी ने पिछले 8 साल में अपनी अनेक जन-कल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से देश के लगभग 60 करोड़ लोगों के जीवन स्तर को ऊपर उठाया है। आयुष्मान भारत योजना, उज्ज्वला योजना, पीएम आवास योजना, सौभाग्य योजना, पीम किसान सम्मान निधि योजना, जन-धन योजना, स्वच्छ भारत अभियान और हर घर जल जैसी अनेक योजनाओं से आम जन के जीवन में सकारात्मक रूप से व्यापक बदलाव आया है। पीएम गरीब कल्याण अन्न योजना की सराहना तो वर्ल्ड बैंक सहित कई अंतर्राष्ट्रीय संस्थान भी कह रहे हैं और अपने रिसर्च से यह स्पष्ट कर रहे हैं कि किस तरह इस योजना ने भारत में अति गरीबी की दर को 1% से नीचे रखने में अहम् भूमिका निभाई है। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से जोर देते हुए कहा कि हमें इन योजनाओं से लाभान्वित होने वाले लाभार्थियों के साथ सीधा संपर्क स्थापित करना चाहिए, उनके साथ संवाद करना चाहिए और उनके अनुभवों को आम जनता के साथ साझा करना चाहिए।

Share This Post:-
Post Views: 12 Views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *