Post Views: 0
सुरेश चंद्र पांडे का उत्तराखंड में निवेश रिवर्स पलायन को देगा नई गति, युवाओं के लिए खुलेंगे रोजगार के अवसर : -सांसद अजय भट्ट”
अमर चंद्र
नई दिल्ली/सितारगंज। उत्तराखंड के ऊधमसिंह नगर जनपद स्थित सितारगंज के शांतिपुरी क्षेत्र में सोमवार को एसकेपी एक्वा इंडिया के अत्याधुनिक प्लांट का भव्य लोकार्पण पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री भारत सरकार एवं सांसद अजय भट्ट एवं कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा ने संयुक्त रूप से किया। समारोह में उद्योग जगत, जनप्रतिनिधियों और स्थानीय नागरिकों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही। इस अवसर पर वक्ताओं ने इसे केवल एक औद्योगिक इकाई नहीं, बल्कि उत्तराखंड में रोजगार, निवेश और रिवर्स पलायन की दिशा में उठाया गया महत्वपूर्ण कदम बताया।
कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने उत्तराखंड के सपूत, उद्योगपति, समाजसेवी एवं एसकेपी प्रोजेक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक सुरेश चंद्र पांडे की दूरदर्शी सोच और प्रदेश के प्रति समर्पण की सराहना की। वक्ताओं ने कहा कि जहां पहाड़ों से लगातार पलायन चिंता का विषय रहा है, वहीं सुरेश चंद्र पांडे का उद्देश्य उत्तराखंड में उद्योग स्थापित कर स्थानीय युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराना और उन्हें अपने ही प्रदेश में सम्मानजनक अवसर देना है।
उनका यह प्रयास रिवर्स पलायन की अवधारणा को मजबूती देने वाला साबित हो रहा है। पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री भारत सरकार एव सांसद अजय भट्ट ने कहा कि सुरेश चंद्र पांडे ने उत्तराखंड की समस्याओं को निकट से समझते हुए प्रदेश में निवेश का जो निर्णय लिया है, वह आने वाले समय में विकास का नया अध्याय लिखेगा। वहीं कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा ने कहा कि एसकेपी समूह की यह इकाई सितारगंज के औद्योगिक विकास में मील का पत्थर सिद्ध होगी और क्षेत्र के युवाओं के लिए नए रोजगार के अवसर सृजित करेगी।
उल्लेखनीय है कि एसकेपी प्रोजेक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड ने हाल ही में अपनी स्थापना के 26 गौरवशाली वर्ष पूरे किए हैं। वर्ष 2000 में स्थापित कंपनी आज देश की अग्रणी इंफ्रास्ट्रक्चर एवं प्रोजेक्ट निर्माण कंपनियों में शामिल है। बड़ोदरा से नई दिल्ली तक फैले अपने कार्यालयों और देशभर में संचालित महत्वपूर्ण परियोजनाओं के माध्यम से कंपनी ने उद्योग जगत में विशिष्ट पहचान बनाई है।
कंपनी में वर्तमान में 2,000 से अधिक कर्मचारी कार्यरत हैं, जिनमें लगभग 80 प्रतिशत उत्तराखंड से जुड़े हैं। यह तथ्य स्वयं इस बात का प्रमाण है कि सुरेश चंद्र पांडे केवल उद्योग स्थापित करने तक सीमित नहीं हैं, बल्कि देवभूमि के युवाओं को रोजगार देकर उन्हें अपने प्रदेश से जोड़ने का भी सतत प्रयास कर रहे हैं।
स्थापना दिवस के अवसर पर सुरेश चंद्र पांडे ने कहा कि 26 वर्षों की यह उपलब्धि एसकेपी परिवार के प्रत्येक कर्मचारी, सहयोगी, ग्राहक और शुभचिंतक की मेहनत, ईमानदारी और समर्पण का परिणाम है। उन्होंने भविष्य में गुणवत्ता, नवाचार, टीमवर्क और ग्राहक संतुष्टि को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए उत्तराखंड सहित देशभर में रोजगार सृजन और औद्योगिक विकास के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प दोहराया।
सरल व्यक्तित्व, सामाजिक सरोकारों और उत्तराखंड के प्रति विशेष लगाव रखने वाले सुरेश चंद्र पांडे आज उद्योगपति होने के साथ-साथ समाजसेवी के रूप में भी अपनी अलग पहचान बना चुके हैं। शिक्षा, रोजगार और सामाजिक उत्थान के क्षेत्र में उनका योगदान लगातार बढ़ रहा है। उद्योग जगत में उनकी 26 वर्षों की यह यात्रा केवल एक कंपनी की सफलता की कहानी नहीं, बल्कि उत्तराखंड के एक सपूत के संकल्प, संघर्ष और कर्म की प्रेरणादायी गाथा है, जो प्रदेश में विकास, आत्मनिर्भरता और रिवर्स पलायन के नए अध्याय को गति दे रही है।
Related