दिल्लीमहाराष्ट्रराष्ट्रीय

रायगढ़ के पेन रेलवे स्टेशन को बेहतर सुविधाएं दिलाने के लिए सांसद सुनील तटकरे ने रेलवे बोर्ड से की बड़ी मांग

12 एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव, मेमू सेवाओं में वृद्धि और टिकट व्यवस्था सुधारने का उठाया मुद्दा

 

Amar sandesh नई दिल्ली। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) के रायगढ़ (महाराष्ट्र) से लोकसभा सांसद एवं लोकसभा की पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस संबंधी स्थायी समिति के अध्यक्ष सुनील दत्तात्रेय तटकरे ने रायगढ़ जिले के पेन रेलवे स्टेशन पर रेल सुविधाओं के विस्तार और यात्री सेवाओं में सुधार को लेकर रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष सतीश कुमार को विस्तृत पत्र दिया।

22 जुलाई 2026 को दिये  गए इस पत्र में सांसद तटकरे ने कहा कि पेन रायगढ़ जिले का एक महत्वपूर्ण औद्योगिक, आर्थिक और परिवहन केंद्र है, लेकिन इसके अनुरूप रेलवे स्टेशन को सुविधाएं और ट्रेनों का ठहराव नहीं मिल पाया है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में पहले भी कई बार पत्राचार किया जा चुका है, लेकिन अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई।

पत्र में सांसद ने कहा कि पेन स्टेशन अलीबाग, पनवेल, खोपोली, उरण और नागोठाणे जैसे प्रमुख क्षेत्रों से जुड़ा हुआ है तथा जेएसडब्ल्यू स्टील, जेएसडब्ल्यू पोर्ट, पीएनपी पोर्ट और अन्य औद्योगिक इकाइयों के लिए महत्वपूर्ण प्रवेश द्वार है। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि पेन अपनी गणेश प्रतिमा निर्माण उद्योग के लिए देशभर में प्रसिद्ध है तथा प्रतिदिन हजारों यात्री रोजगार, शिक्षा और व्यापार के लिए इस स्टेशन का उपयोग करते हैं।

सांसद तटकरे ने रेलवे बोर्ड से पेन स्टेशन पर कम से कम 12 प्रमुख एक्सप्रेस ट्रेनों का निर्धारित ठहराव सुनिश्चित करने की मांग की है। इसके साथ ही उन्होंने कोविड-19 से पहले की तरह दिवा सावंतवाड़ी दिवा एक्सप्रेस के ठहराव को फिर से शुरू करने का अनुरोध किया है।

पत्र में रोहा पनवेल रोहा मेमू ट्रेनों की संख्या बढ़ाने, कार्यालय समय के अनुरूप ट्रेन सेवाएं संचालित करने तथा सप्ताहांत पर पेन–दिवा–पेन मेमू सेवा जारी रखने की मांग भी की गई है।

यात्रियों की सुविधा और रेलवे के राजस्व को बढ़ाने के उद्देश्य से सांसद ने टिकट व्यवस्था में सुधार, टिकट जांच अधिकारियों की नियुक्ति तथा पेन स्टेशन पर अतिरिक्त टिकट खिड़की संचालित करने का भी सुझाव दिया है। उनका कहना है कि इससे बिना टिकट यात्रा पर अंकुश लगेगा और यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।

पत्र के अंत में सांसद सुनील तटकरे ने रेलवे बोर्ड से इन सभी मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेने और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी करने को भी कहा है।

Share This Post:-

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *