कोटद्वार में खिलाड़ियों का सम्मान, नगर आयुक्त पी.एल. शाह ने बढ़ाया हौसला
स्वर्ण और कांस्य पदक विजेता खिलाड़ियों सहित कोच एवं परिजनों को किया गया सम्मानित
Amar sandesh कोटद्वार। खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और उनकी उपलब्धियों को सम्मान देने की दिशा में कोटद्वार में आयोजित खिलाड़ी सम्मान समारोह में नगर आयुक्त पी.एल. शाह ने विभिन्न खेलों में शानदार प्रदर्शन कर क्षेत्र और प्रदेश का नाम रोशन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित किया। इस दौरान खिलाड़ियों के कोच और परिजनों को भी सम्मानित कर उनके योगदान को सराहा गया।
तड़ियाल चौक स्थित के. प्राइड मॉल के मंगलम हॉल में भारतभूमि ट्रस्ट, ‘रैबार पहाड़ का’ न्यूज़ पोर्टल और के. प्राइड मॉल के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित समारोह में खिलाड़ियों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए नगर आयुक्त पी.एल. शाह ने कहा कि खेल केवल प्रतियोगिता का माध्यम नहीं, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास और निरंतर मेहनत की सीख भी देता है। उन्होंने खिलाड़ियों से अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहते हुए आगे बढ़ने का आह्वान किया।
इन खिलाड़ियों ने बढ़ाया क्षेत्र का गौरव
समारोह में देहरादून में आयोजित 15वीं उत्तराखंड स्टेट वुशु चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतने वाली आकांक्षा पोखरियाल को सम्मानित किया गया। वहीं जॉर्जिया में आयोजित बाटुमी ओपन इंटरनेशनल वुशु टूर्नामेंट में तीसरा स्थान हासिल कर कांस्य पदक जीतने वाले शिवांशु पोखरियाल को भी सम्मान मिला।
इसी क्रम में देहरादून में आयोजित 26वीं उत्तराखंड राज्य पावर लिफ्टिंग प्रतियोगिता में स्वर्ण एवं कांस्य पदक हासिल करने वाले ऋतिक तथा नेपाल में आयोजित इंडो-नेपाल एथलीट प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतने वाली सृष्टि सैनी को भी नगर आयुक्त ने सम्मानित किया।
खिलाड़ियों की सफलता में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले उनके कोच नितिन नेगी और चिंतन रावत सहित खिलाड़ियों के परिजनों को भी सम्मानित किया गया। समारोह में वक्ताओं ने कहा कि खिलाड़ियों की सफलता के पीछे उनकी मेहनत के साथ-साथ प्रशिक्षकों और परिवार का सहयोग भी महत्वपूर्ण होता है।
खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहन देने पर जोर
कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों ने कहा कि पहाड़ और छोटे शहरों में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। आवश्यकता है तो केवल उन्हें उचित मंच, संसाधन और प्रोत्साहन देने की। ऐसे सम्मान समारोह युवा खिलाड़ियों में नई ऊर्जा और आत्मविश्वास पैदा करते हैं तथा अन्य युवाओं को भी खेलों के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करते हैं।
इस अवसर पर के. प्राइड मॉल के चेयरमैन चंद्रप्रकाश शर्मा, पदमपुर गैस एजेंसी के प्रोपराइटर भुवनेश कुंज, कार्यक्रम संयोजक चंद्रमोहन जदली, पूर्व प्रधानाचार्य रमाकांत कुकरेती, शिक्षक पवन रावत, संस्कृत आचार्य एवं शिक्षक कुलदीप मैंदोला, राज्य आंदोलनकारी विजय ध्यानी, पूर्व जिला पंचायत सदस्य एवं वर्तमान क्षेत्र पंचायत सदस्य ग्राम कांडा की सरिता पोखरियाल, दिनकर पोखरियाल, क्षेत्र पंचायत सदस्य मोहरा नवीन नेगी, ग्राम प्रधान दर्था रिंकी नेगी, वॉरियर अकादमी के कोच नितिन नेगी, सोनी भारद्वाज, सोनी जोशी, बीना जुयाल, संपत्ति ध्यानी, रीता ध्यानी, लक्ष्मी रावत, हेमलता नेगी, संतोषी रावत, सुमन द्विवेदी, रामेश्वरी नेगी, बबीता सैनी, नीलम रावत, सतेश्वरी जदली, मायाराम जदली सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।
कार्यक्रम का संचालन कुलदीप मैन्दोला ने किया।
समारोह में पदक विजेता खिलाड़ियों की उपलब्धियों ने यह संदेश दिया कि मेहनत, अनुशासन और सही मार्गदर्शन के बल पर पहाड़ की प्रतिभाएं राष्ट्रीय ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी पहचान बना सकती हैं। खिलाड़ियों का सम्मान न केवल उनकी उपलब्धियों की सराहना है, बल्कि आने वाली पीढ़ी के लिए खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने की प्रेरणा भी है।