नई दिल्ली। दिल्ली में उत्तराखंड समाज की प्रतिष्ठित और लगभग 100 वर्ष पुरानी सामाजिक संस्था गढ़वाल हितैषिणी सभा के प्रतिनिधिमंडल ने सभा के अध्यक्ष सूरत सिंह रावत एवं महासचिव पवन कुमार मैठाणी के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी दिल्ली प्रदेश के नवनियुक्त उपाध्यक्ष डॉ. विनोद बछेती से उनके कार्यालय डीपीएमआई (DPMI) में शिष्टाचार भेंट कर उन्हें नई जिम्मेदारी मिलने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर सभा की ओर से डॉ. बछेती का पुष्पगुच्छ एवं सम्मान स्वरूप अभिनंदन कर उनके उज्ज्वल और सफल कार्यकाल की कामना की गई। प्रतिनिधिमंडल ने विश्वास व्यक्त किया कि उनके नेतृत्व और अनुभव का लाभ न केवल भारतीय जनता पार्टी को मिलेगा, बल्कि दिल्ली में रह रहे उत्तराखंड समाज की अपेक्षाओं को भी नई दिशा मिलेगी।
सभा के महासचिव पवन मैठाणी ने कहा कि डॉ. विनोद बछेती लंबे समय से संगठन के समर्पित, कर्मठ और जमीनी कार्यकर्ता रहे हैं। उन्होंने भाजपा के एक सच्चे सिपाही के रूप में संगठन को मजबूत करने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उनके राजनीतिक अनुभव, कार्यशैली और समाजसेवा के प्रति समर्पण को देखते हुए उन्हें दिल्ली भाजपा का उपाध्यक्ष बनाया जाना पूरे उत्तराखंड समाज के लिए गर्व का विषय है।
गौरतलब है कि डॉ. विनोद बछेती इससे पूर्व भाजपा मयूर विहार जिला अध्यक्ष तथा दिल्ली प्रदेश भाजपा मंत्री जैसे महत्वपूर्ण दायित्वों का सफलतापूर्वक निर्वहन कर चुके हैं। संगठन में उनकी सक्रिय भूमिका, अनुशासन और जनसेवा के प्रति प्रतिबद्धता के कारण उन्हें पार्टी नेतृत्व का निरंतर विश्वास प्राप्त होता रहा है।
गढ़वाल हितैषिणी सभा के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने आशा व्यक्त की कि डॉ. बछेती अपने नए दायित्व का सफलतापूर्वक निर्वहन करते हुए संगठन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएंगे तथा समाजहित और जनकल्याण के कार्यों को और अधिक गति प्रदान करेंगे।