Sunday, July 26, 2026
Latest:
दिल्लीराष्ट्रीय

26 जुलाई को विकसित वाइब्रेंट विलेज कार्यक्रम के प्रतिभागियों से संवाद करेंगे प्रधानमंत्री मोदी

Amar sandesh नई दिल्ली, 25 जुलाई। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 26 जुलाई 2026 को शाम 4:30 बजे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से विकसित वाइब्रेंट विलेज प्रोग्राम-2026 के प्रतिभागियों से संवाद करेंगे। यह कार्यक्रम सीमावर्ती गांवों को “देश के पहले गांव” के रूप में विकसित करने और उन्हें विकसित भारत की यात्रा में सक्रिय भागीदार बनाने की प्रधानमंत्री की परिकल्पना को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।

माय भारत के माध्यम से संचालित इस कार्यक्रम का आयोजन दो चरणों में 4 जून से 30 जून 2026 तक किया गया। कार्यक्रम में लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के कुल 74 वाइब्रेंट गांवों को शामिल किया गया। देशभर के प्रत्येक राज्य और केंद्र शासित प्रदेश का प्रतिनिधित्व करने वाले 400 से अधिक युवाओं का चयन राष्ट्रव्यापी ऑनलाइन प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता के माध्यम से किया गया, जिसमें तीन लाख से अधिक युवाओं ने भाग लिया।

कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों ने सीमावर्ती गांवों में स्थानीय समुदायों के साथ रहकर स्वच्छता अभियान, सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूकता, युवा सम्मेलन, सांस्कृतिक आदान-प्रदान, वृक्षारोपण, लघु पंचायत मॉडल सिमुलेशन, स्थानीय कारीगरों से संवाद तथा रणनीतिक महत्व के संस्थानों का दौरा जैसी विभिन्न गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाई।

इस पहल के माध्यम से युवाओं को सीमावर्ती क्षेत्रों के सामाजिक-आर्थिक विकास, सांस्कृतिक विरासत और स्थानीय जीवनशैली को नजदीक से समझने का अवसर मिला। साथ ही कार्यक्रम ने सामुदायिक भागीदारी, राष्ट्रीय एकता और सीमावर्ती गांवों के रणनीतिक महत्व के प्रति युवाओं में जागरूकता और जिम्मेदारी की भावना को और मजबूत किया।

प्रधानमंत्री का यह संवाद कार्यक्रम में शामिल युवाओं के अनुभवों को जानने, उनके सुझाव सुनने तथा विकसित वाइब्रेंट विलेज अभियान को नई दिशा देने की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

Share This Post:-

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *