Post Views: 0
रिपोर्ट: जगमोहन डांगी
पौड़ी गढ़वाल। देवभूमि उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जनपद अंतर्गत कोट ब्लॉक स्थित प्रसिद्ध सिद्धपीठ डांडा नागराजा मंदिर में आयोजित वार्षिक मेले में इस वर्ष भी श्रद्धालुओं का भारी जनसैलाब उमड़ा। बैशाख माह के दूसरे दिन आयोजित होने वाला यह ऐतिहासिक एवं धार्मिक मेला श्रद्धा, भक्ति और सांस्कृतिक रंगों के बीच शांतिपूर्वक संपन्न हुआ।
मेला का शुभारंभ मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष रचना बुटोला एवं क्षेत्रीय विधायक राजकुमार पोरी ने प्रवासी अतिथि अरुण भट्ट तथा मंदिर समिति अध्यक्ष सुभाष देशवाल के साथ दीप प्रज्वलन कर किया। इस अवसर पर कोट ब्लॉक प्रमुख गणेश कोली, ज्येष्ठ प्रमुख उपेंद्र भट्ट, कनिष्ठ प्रमुख अनिल गुसाईं, खंड विकास अधिकारी शिव सिंह भंडारी, पूर्व प्रमुख पूर्णिमा नेगी, समाजसेवी आनंद सिंह नेगी, विनोद धनोसी सहित क्षेत्र के जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
मेले में सांस्कृतिक एवं धार्मिक कार्यक्रम मुख्य आकर्षण का केंद्र रहे। मंच पर कलाकारों द्वारा शिव-पार्वती एवं राधा-कृष्ण की आकर्षक झांकियों और नृत्य प्रस्तुतियों ने श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। वहीं, लोक गायक मुकेश कठैत, मनीष लखेड़ा, धनराज शौर्य, शिवांगी शर्मा एवं अन्य कलाकारों ने अपने भजनों की प्रस्तुति से पूरे मंदिर परिसर को भक्तिमय बना दिया। विशेष रूप से मुकेश कठैत द्वारा डांडा नागराजा पर आधारित भजन पर श्रद्धालु झूमने को मजबूर हो गए।
मेला समिति अध्यक्ष कमलेश चमोली ने बताया कि आयोजन को लेकर पूर्व में ही जिला प्रशासन को अवगत कराया गया था और प्रशासन द्वारा हर वर्ष की भांति इस बार भी पूरा सहयोग प्रदान किया गया। उन्होंने जिलाधिकारी पौड़ी सहित प्रशासन का आभार व्यक्त किया।
मेले के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा हेतु विभिन्न स्थानों पर विशाल भंडारों का आयोजन किया गया, जहां हजारों भक्तों ने प्रसाद ग्रहण किया। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर देवप्रयाग थाना प्रभारी अमरजीत सिंह रावत के नेतृत्व में पुलिस बल पूरे मेले में मुस्तैद रहा, जिससे आयोजन शांतिपूर्वक संपन्न हो सका।
इस आयोजन को सफल बनाने में मंदिर पुजारी गणेश देशवाल, किशोर देशवाल, पूर्व अध्यक्ष शशिकांत चमोली, रणवीर सिंह, महावीर सिंह रावत, विनोद देशवाल, देवेंद्र कुकरेती, सुमन रावत, गुमान सिंह रावत, बीरेंद्र प्रसाद भट्ट, नत्थी सिंह रावत, शेर सिंह रावत, हेमंत सिंह सहित अनेक कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय लोगों का विशेष योगदान रहा।
इस आयोजन का मंच संचालन पूर्व प्रधान अजय डोभाल द्वारा किया गया। हर वर्ष की भांति इस बार भी डांडा नागराजा मेला आस्था, परंपरा और लोकसंस्कृति का भव्य संगम बनकर श्रद्धालुओं के हृदय में अमिट छाप छोड़ गया।
Like this:
Like Loading...
Related