Thursday, October 1, 2026
उत्तराखण्डराष्ट्रीय

धामी सरकार के 5 वर्ष पूरे: 4 जुलाई से ‘सेवा सप्ताह’ का आगाज़, ऋषिकेश बनेगा जनसेवा का सबसे बड़ा केंद्र

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की मौजूदगी में आईडीपीएल मैदान में लगेगा वृहद बहुउद्देशीय एवं स्वास्थ्य शिविर, तीन जिलों के लोग एक ही छत के नीचे पाएंगे सरकारी योजनाओं का लाभ

 

Amar sandesh देहरादून।मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व वाली उत्तराखंड सरकार के पांच वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में प्रदेशभर में 4 से 10 जुलाई तक ‘सेवा, सुशासन एवं समर्पण’ सेवा सप्ताह का आयोजन किया जाएगा। इस सात दिवसीय अभियान का शुभारंभ 4 जुलाई को ऋषिकेश स्थित आईडीपीएल मैदान में आयोजित होने वाले विशाल बहुउद्देशीय एवं स्वास्थ्य शिविर से होगा, जिसमें मुख्यमंत्री स्वयं शामिल होकर कार्यक्रम का शुभारंभ करेंगे।

राज्य सरकार के ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ संकल्प को साकार करने के उद्देश्य से आयोजित इस महाअभियान में आम नागरिकों को एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिलेगा। साथ ही स्वास्थ्य परीक्षण, आयुष्मान सहित अन्य स्वास्थ्य योजनाओं के कार्ड, प्रमाण-पत्र और जनसमस्याओं के त्वरित समाधान की व्यवस्था भी की जाएगी।

मंगलवार को जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेन्द्र डोबाल ने आईडीपीएल मैदान का स्थलीय निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविर का उद्देश्य केवल आयोजन तक सीमित न रहे, बल्कि हर पात्र व्यक्ति को मौके पर ही योजनाओं का लाभ और समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने कहा कि ऋषिकेश की सामरिक और भौगोलिक स्थिति को देखते हुए देहरादून के अलावा हरिद्वार और टिहरी से भी बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना है। इसी को ध्यान में रखते हुए तीनों जनपदों के विभागीय अधिकारी एकीकृत व्यवस्था के तहत शिविर में मौजूद रहेंगे, ताकि लोगों को अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।

महाशिविर में विशाल स्वास्थ्य शिविर के माध्यम से गंभीर एवं पुरानी बीमारियों की जांच, स्वास्थ्य परामर्श और विभिन्न सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ मौके पर ही उपलब्ध कराया जाएगा। इसके अलावा विभिन्न विभागों की प्रदर्शनी एवं सेवा स्टॉल भी लगाए जाएंगे, जहां नागरिकों को योजनाओं की जानकारी के साथ तत्काल लाभ उपलब्ध कराया जाएगा।

भारी जनसमूह की संभावना को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा, यातायात, पार्किंग, पेयजल, बैठक व्यवस्था और अन्य मूलभूत सुविधाओं को लेकर व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को समयबद्ध तरीके से सभी व्यवस्थाएं पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं।

प्रदेशव्यापी ‘सेवा सप्ताह’ के आयोजन के लिए उत्तराखंड सूचना विभाग को नोडल विभाग बनाया गया है।सूचना महानिदेशक बंशीधर तिवारी ने भी आईडीपीएल मैदान का निरीक्षण कर मंच निर्माण, जनसुविधाओं, पार्किंग, प्रवेश-निकास मार्ग और बैठक व्यवस्था का विस्तृत जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि कार्यक्रम में आने वाले प्रत्येक नागरिक को बेहतर और सुगम व्यवस्थाएं उपलब्ध कराई जाएं।

निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, परियोजना निदेशक विक्रम सिंह सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

4 जुलाई को ऋषिकेश से शुरू होने वाला यह सेवा सप्ताह केवल सरकारी उपलब्धियों का उत्सव नहीं, बल्कि सरकार और जनता के बीच सीधे संवाद, त्वरित सेवा और जनकल्याण को धरातल पर उतारने का एक व्यापक अभियान होगा।

Share This Post:-

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *