उत्तराखण्ड

सुबैरो घाम-3′ का बड़ा ऐलान: बॉलीवुड के सुपरहिट गायकों की आवाज़, मिथुन चक्रवर्ती-रजा मुराद की दमदार मौजूदगी से सजेगी गढ़वाली सिनेमा की नई उड़ान

लैंसडाउन, रिखणीखाल और नैनीडांडा के गांव बनेंगे फिल्म के लोकेशन, नए कलाकारों और गायकों को मिलेगा सुनहरा मौका

Amar sandesh कोटद्वार। उत्तराखंडी सिनेमा को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाने वाली सुप्रसिद्ध फिल्म निर्माता-निर्देशिका एवं बॉलीवुड अभिनेत्री उर्मि नेगी एक बार फिर अपनी बहुप्रतीक्षित गढ़वाली फिल्म ‘सुबैरो घाम-3’ को लेकर चर्चा में हैं। ‘फ्योंली’, ‘सुबैरो घाम’ और ‘सुबैरो घाम-2 (बथौं)’ की शानदार सफलता के बाद अब तीसरे भाग की तैयारियां तेज हो गई हैं।

फिल्म की शूटिंग लैंसडाउन, रिखणीखाल और नैनीडांडा क्षेत्र के प्राकृतिक सौंदर्य से भरपूर गांवों में की जाएगी। फिल्म में बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता मिथुन चक्रवर्ती और रजा मुराद सहित कई चर्चित कलाकार अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे, जिससे फिल्म को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिलने की उम्मीद है।

उर्मि नेगी के निजी सहायक चन्द्रमोहन जदली ने बताया कि इस बार फिल्म का सबसे बड़ा आकर्षण यह होगा कि बॉलीवुड के शीर्ष पार्श्व गायक गढ़वाली गीतों को अपनी आवाज़ देंगे। हालांकि, फिलहाल गायकों के नाम गोपनीय रखे गए हैं। गीतों की रिकॉर्डिंग देहरादून में होगी।

उन्होंने बताया कि फिल्म के माध्यम से उत्तराखंड की नई प्रतिभाओं को भी बड़ा मंच मिलेगा। नए गायक-गायिकाओं और कलाकारों के चयन के लिए जुलाई के दूसरे सप्ताह में कोटद्वार और देहरादून में ऑडिशन आयोजित किए जाएंगे।

चन्द्रमोहन जदली ने कहा कि उर्मि नेगी द्वारा निर्मित ‘सुबैरो घाम’ और ‘सुबैरो घाम-2 (बथौं)’ ने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर 40 से अधिक पुरस्कार जीतकर उत्तराखंडी सिनेमा का गौरव बढ़ाया है। दर्शकों की भारी मांग को देखते हुए ‘सुबैरो घाम-2 (बथौं)’ के विशेष शो जुलाई से कोटद्वार में भी आयोजित किए जाएंगे। हालांकि, सीमित शो के बाद पूरी टीम ‘सुबैरो घाम-3’ के निर्माण में जुट जाएगी।

गढ़वाली सिनेमा को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने की दिशा में ‘सुबैरो घाम-3’ को अब तक की सबसे भव्य और चर्चित उत्तराखंडी फिल्मों में से एक माना जा रहा है।

Share This Post:-

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *